सपा मीडिया सेल ने ब्रजेश पाठक के डीएनए पर की आपत्तिजनक पोस्ट: उप मुख्यमंत्री ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को घेरा, दर्ज हुआ मुकदमा…
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के बीच एक बार फिर जंग छिड़ गई है। सपा के मीडिया सेल ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को आड़े हाथों लेते हुए विवादित पोस्ट कर दिया है। सपा मीडिया सेल ने ब्रजेश पाठक के डीएनए पर सवाल उठाते हुए डीएनए चेक कराकर रिपोर्ट सोशल मीडिया पर डालने की मांग की है। अब इस मामले में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जोरदार पलटवार कर दिया है। उन्होंने कहा कि क्या डिंपल यादव इस स्त्री विरोधी और पतित मानसिकता को स्वीकार करेंगी। वहीं, इस पोस्ट के खिलाफ हजरतगंज थाने में तहरीर दी गई है। जिस पर मुकदमा दर्ज हो गया है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी के सपा मीडिया सेल लगातार अपने पोस्ट के जरिये आये दिन चर्चाओं में बना रहता है। इसी बीच सपा मीडिया सेल ने 16 मई को यूपी सरकार में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट कर दिया है। सपा मीडिया सेल ने एक्स पर पोस्ट करते लिखा कि 'बात-बात पर सपा के डीएनए पर बयानबाजी करने वाले ब्रजेश पाठक अपना डीएनए अवश्य चेक करवाएं और उसकी रिपोर्ट सोशल मीडिया पर जरूर डालें, जिससे उनका असली डीएनए पता चल सकें। सपा का विवादित पोस्ट कुछ मिनटों में ही ट्रेंड करने लगा। आपत्तिजनक भाषा के चलते
सपा का बेहद भद्दा पोस्ट, कुछ समय बाद ही करना पड़ा डिलीट : सपा मीडिया सेल ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि ब्रजेश पाठक का खुद का डीएनए सोनागाछी और जीबी रोड का है, उन्हें खुद नहीं पता कि उनका असली डीएनए क्या है। कहां का है और किसका है, इसीलिए कुंठाग्रस्त होकर वे सबके डीएनए पर सवाल उठाते हैं? पोस्ट में लिखा कि दरअसल ब्रजेश पाठक इतनी पार्टियां बदल चुके हैं और इतने डीएनए से युक्त हो चुके हैं कि भ्रमित हैं।
सपा मीडिया सेल ने लिखा कि ब्रजेश पाठक अपना डीएनए चेक करवाकर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करें, तो हम अभियान चलाकर उनका डीएनए सोनागाछी और जीबी रोड के रेगुलर कस्टमर्स से मिलान करवाएंगे। फिर ब्रजेश पाठक को उनका असली डीएनए का पता बताएंगे। फिलहाल सपा मीडिया सेल ने अपना विवादित पोस्ट डिलीट कर दिया है, लेकिन इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर कर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर पलटवार कर दिया है।
ब्रजेश पाठक ने पोस्ट लिखकर अखिलेश यादव से पूछा सवाल : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अखिलेश जी, ये आपकी पार्टी की भाषा है। ये आपकी पार्टी का ऑफिशियल हैंडल है। किसी के दिवंगत माता-पिता के लिए शब्दों का ये चयन है। लोकतंत्र में सहमति-असहमति, आरोप- प्रत्यारोप सब चलते आए हैं और चलते रहेंगे पर आप पार्टी को इस स्तर पर ले आएंगे। उप मुख्यमंत्री ने पोस्ट के जरिये कहा कि क्या डिंपल यादव इस स्त्री विरोधी और पतित मानसिकता को स्वीकार करेंगी।
फिलहाल सपा मीडिया सेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया कि ये न केवल एक जनप्रतिनिधि पर सीधा हमला है, बल्कि पूरे संवैधानिक मूल्यों की अवहेलना भी है। सपा सेल ने ऐसा मर्यादाहीन पोस्ट करके सोशल मीडिया का दुरुपयोग किया है, जिससे न केवल उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की छवि धूमिल हुई है। साथ ही साथ इस प्रदेश की लोकतंत्रता को भी धूमिल कर दिया है।
आनंद द्विवेदी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर समाजवादी पार्टी सोशल मीडिया सेल की अभद्र और अमर्यादित पोस्ट किए जाने के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो गया है। प्रकरण के संदर्भ में लखनऊ भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग उठाई थी। इसी कड़ी में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आक्रोशित समर्थकों ने चारबाग स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर अखिलेश यादव का पुतला दहन किया।