SwadeshSwadesh

सपा, कांग्रेस के कारण मुश्किल में पड़ी यूपी के लोगों की जान: सुरेश खन्ना

सुरेश खन्ना ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से संकट की इस घड़ी में ओछी राजनैतिक बयानबाजी से बाज आने को कहा है।

Update: 2021-05-04 17:25 GMT

लखनऊ: सपा और कांग्रेस ने अपनी ओछी राजनीति के लिए प्रदेश के लोगों की जान मुश्किल में डाल दी। राहुल और अखिलेश जैसे गैर ज़िम्मेदार लोगों के कारण यूपी में कोरोना ने ख़तरनाक रूप ले लिया। कांग्रेस और सपा के नेताओं ने वैक्सीन पर भ्रम फैला कर वैक्सीन अभियान को धीमा कर दिया जिसका ख़ामियाज़ा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ये आरोप मंगलवार को कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने लगाए। खन्ना ने कोरोना को लेकर सपा और कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाये।

प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से संकट की इस घड़ी में ओछी राजनैतिक बयानबाजी से बाज आने को कहा है। उनका कहना है कि कोरोना वैक्सीन पर इन दोनों रजनैतिक दलों के नेताओं ने भ्रम फैला कर उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों की जान को खतरे में डालने के काम किया है। इन नेताओं की ओर से बारबार कोरोना वैक्सीन और सरकार की ओर से किये जा रहे अन्य प्रयासों पर सवाल उठाकर जनता में भ्रम पैदा किया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने वैक्सीन पर सवाल खड़े करते हुए इसे लगवाने से इनकार कर दिया था। राहुल और प्रियंका वाड्रा ने तो वैक्सीन के टेस्ट पर हाई अविश्वास जताया था। अब ये लोग ही कह रहे हैं की सब को वैक्सीन क्यों नहीं लगाई गई। मुश्किल वक्त में इन नेताओं को अवसरवादी और ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए। कोरोना से लोगों को बचाने के सीएम योगी के अभियान में सहयोग करना चाहिए। जनता सब देख रही है इस बार और कड़ा जवाब देगी।

उन्होंने इन नेताओं को सरलता, सहजता और संवदेनशीलता का परिचय देते हुए वर्तमान सरकार के साथ कोरोना के खिलाफ शुरू हुई लड़ाई में राजनीति छोड़कर सहयोग करने की अपील की है।

प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि घर पर बैठकर प्रदेश में कोरोना वायरस के खात्मे को खिलाफ चल रहे प्रयासों के खिलाफ झूठी बयानबाजी करना शोभा नहीं देता है। उनकी झूठी बयानबाजी से जनमानस में भ्रम फैल रहा है।

गलत बयानबाजियों के कारण उत्तर प्रदेश में वैक्सीन लगवाने वाले लोगों की रफ्तार में कमी आई थी। उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को भी गलत बयानबाजी से बचने की सलाह दी है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश से कहा है कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम सिर्फ सरकार की आलोचना करने का ही नहीं होता है।

Tags:    

Similar News