SwadeshSwadesh

फतेहपुर: नहर में गिर रहा नाला, जहर सींच रहे किसान

नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले हजारों घरों के प्रदूषण युक्त सीवर से कृषि योग्य जमीन बर्बाद हो रही है।

Update: 2021-04-14 08:48 GMT

फतेहपुर: इस फोटो को देखकर आप अंदाजा नही लगा सकते हैं कि वास्तविकता में यह है क्या? चलिए हम आपको बतातें है कि इस फोटोग्राफ में सीवर के प्रदूषित पानी से बनने वाले झाग को दिखाया गया है। यह ऐसा प्रदूषित पानी है जो सीधे बड़ी नहर में जाकर मिलता है। ऐसे में अब आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इतना भयंकर प्रदूषित पानी किस तरह खेतों को बर्बाद कर रहा है।

नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले हजारों घरों के प्रदूषण युक्त सीवर से कृषि योग्य जमीन बर्बाद हो रही है। मामले पर न तो जल निगम के अधिकारी कुछ बोलना चाहते हैं और न ही नगर पालिका के अधिकारी सुनना चाहते हैं। अब ऐसे में सवाल यह है आखिर इतने वर्षों से यह सब हो रहा है तो अधिकारी कर क्या रहे थे। पूरे मामले पर जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने जांच के आदेश दिए हैं।

नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले लोधीगंज के पास स्थित बेरुई हार से शहर की गंदगी का नाला निकला हुआ है। यहां पर एक पुलिया बनायी गयी है जिससे शहर के अंदर आवागमन बना रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार इस नाले का पानी करीब तीन किलोमीटर दूर मदारीपुर गांव की नहर में गिर रहा है। इसे बड़े पुल के नाम से भी जाना जाता है। इससे नहर में आने वाले पानी से जब सीवर का पानी मिलता है तो वह पानी भी प्रदूषित हो जाता है। इस तरह किसानों के खेतों में जाने वाला पानी दूषित होकर फसल की सिंचाई करता हैं।

फसल, उपज और जमीन हो रही प्रभावित

प्रदूषित सीवर से किसानों की फसल प्रभावित हो रही ही। शुद्ध पानी से सिंचाई न होने के कारण उपज भी कम होती है और किसानों की उर्वरा शक्ति भी घटती जा रही है। यदि समय से इसका निस्तारण हो गया तो आसपास के कई गांवों को लाभ मिल सकता है। इतना सब होने के बाद भी आज तक जिम्मेदारों ने इसे सुधारने का प्रयास नही किया।

वर्जन

"सीवर मामले की जानकारी नही थी। इसे संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेज कर भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार इस पर कार्यवाई की जाएगी। यदि किसानों की फसल प्रभावित होती पायी गयी तो जो भी विधिक कार्यवाही होगी उसे किया जाएगा।"-अपूर्वा दुबे (जिलाधिकारी, फतेहपुर)

Tags:    

Similar News