SwadeshSwadesh

क्या विधानसभा चुनाव से पहले खाली होगी सपा? भाजपा के संपर्क में 100 कद्दावर नेता

Update: 2021-11-17 13:29 GMT

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक समेत 100 कद्दावर नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। भाजपा ने इसके लिए ठोस रणनीति तैयार की है। सपा के ऐसे कद्दावर नेताओं की सूची भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को सौंपी गयी है। पार्टी की ज्वाइनिंग कमेटी इस सूची पर काम कर रही है। ज्वाइनिंग कमेटी की हरी झण्डी मिलने के साथ ही लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते रहेंगे। 

आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दल जनता के बीच पहुंच रहे हैं। जनता से वादे किये जा रहे हैं। आरोप प्रत्यारोप भी शुरू हो गये हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव विजय रथ यात्रा निकाल रहे हैं। योगी सरकार में बने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को अपनी सरकार की उपलब्धि बता रहे हैं। अभी उनकी यात्रा पूर्वांचल में ही है। इसी बीच भाजपा उनके रथ के पहिए को खीचकर बाहर करने में जुट गयी है। सपा के धुरंधरों को तोड़कर भाजपा में लाने की मजबूत रणनीति तैयार की गयी है। उसी के आधार पर बुधवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सपा के चार कद्दावर नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई गयी है। गोरखपुर के वरिष्ठ नेता सपा एमएलसी सीपी चंद ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत एक टीवी चैनल से कहा कि सपा में भगदड़ मची है। बस उन्हें इशारे की जरूरत है। भाजपा के एक प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि सूची अध्यक्ष को सौंप दी गयी है। उसी के आधार पर सपा के चार विधान परिषद सदस्यों को भाजपा में शामिल कराया गया है। शामिल होने वालों की एक लंबी सूची है। जल्द ही उन्हें भी पार्टी में शामिल कराया जाएगा। 

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार ने जिस प्रकार से देश-प्रदेश को आगे बढ़ाया है। उससे लोग लोग प्रभावित हुए हैं। राजनीतिक क्षेत्र के लोग भी मोदी-योगी के कामकाज से प्रभावित हैं। इसलिए जिसको विकास पसंद है। उत्तर प्रदेश की समृद्धि पसंद है। जो लोग प्रदेश को और आगे ले जाना चाहते हैं, स्वाभाविक रूप से वह भाजपा के साथ जुड़कर काम करना चाहेंगे। भाजपा में आने की इच्छा रखने वाले और आने वाले सभी लोगों का स्वागत है।

Tags:    

Similar News