SwadeshSwadesh

मुख्यमंत्री ने जनसभा को किया संबोधित, कहा- हमारी सरकार में कोई आतंकी घटना नहीं हुई

₹226 करोड़ की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया

Update: 2021-11-09 13:12 GMT

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को जनपद शाहजहांपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने जलालाबाद में 131 व नगर क्षेत्र में 101 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने जलालाबाद में ककोरी शहीद इंटर कॉलेज व नगर क्षेत्र में खिरनी बाग स्थित रामलीला मैदान पर जनसभा को भी सम्बोधित किया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, शहीद अशफाक उल्ला का नाम आते ही लोगों की जुबान पर शाहजहांपुर का नाम आ जाता है। उन्होंने पिछली सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में शांति पूर्वक त्यौहार व पर्व नहीें मना सकते थे। पर्व व त्यौहार आते ही प्रदेश में दंगे शुरू हो जाते थे। अयोध्या जाने से लोग घबराते थे, लेकिन आज पर्व व त्यौहार शांतिपूर्वक मनाए जा रहे है। पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। सरकार के साढ़े चार साल में कही कोई दंगा नहीं हुआ। कहीं कोई आतंकवादी घटना नहीं हुई जो कि सरकार की बड़ी उपलब्धि है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत को दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि पहले दुश्मन के आंख दिखाने पर सरकारें डर जाती थी। लेकिन आज भारत दुश्मन की आँख निकाल कर उसके हाथ मे रखने की ताकत रखता है। आज किसानों, गरीबों, महिलाओ व समाज के सभी तबके के लिए ईमानदारी के साथ जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले महिलाओं व बेटियों को सुरक्षित करने का काम किया। प्रदेश के सभी जिलों में एंटी रोमियो टीम का गठन किया गया। मिशन शक्ति कार्यक्रम संचालित किए। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत साफ होने और सोच ईमानदार होने पर काम दमदार होता है। प्रदेश में भाजपा विधायक विकास कार्य करा रहे हैं लेकिन सपा, बसपा व कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र विकास कार्यों से अछूते हैं। वो सिर्फ अपनों तक सीमित हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अप्रैल 2015 में हुदहुद चक्रवात आने पर किसानों को काफी क्षति हुई थी, लेकिन मार्च 2017 तक किसानों का मुआवजा नहीें मिल सका। उत्तर प्रदेश में पिछले माह आई अतिवृष्टि से कृषकों को क्षति हुई थी। सरकार अब तक साढ़े पांच लाख कृषकों को क्षतिपूर्ति दे चुकी है। अन्य कृषकों को भी जल्द से जल्द क्षतिपूर्ति देने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए जा चुके हैं।

योगी आदित्यनाथ ने बगैर नाम लिए कहा कि पूर्व में सरकारी नौकरी निकलने पर एक खानदान वसूली करने निकल पड़ता था। खानदान में महाभारत के सभी रिश्ते जैसे काका, मामा, चाचा, भतीजे, बुआ, बबुआ थे जो वसूली पर निकलते थे। उन्होंने कहा कि आज बिना भेदभाव विकास करने वाली भाजपा सरकार है। भाजपा सरकार ने नौजवानों को नौकरी दी।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को विकास में बाधक व दंगों के लिए जाना जाता था लेकिन आज दंगे बन्द हैं। सरकार ने उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था कायम की। केंद्र सरकार की योजनाओं में उत्तर प्रदेश अव्वल स्थान पर है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अयोध्या में दीपोत्सव नहीें होता था, बल्कि सैफई में नाच गाने का कार्यक्रम होता था।

Tags:    

Similar News