गर्मी के बाद भी सेना के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति का दिखा अनुपम उदाहरण: सीएम योगी बोले- पाकिस्तान विफल राष्ट्र, 75 वर्षों में बोए सिर्फ आतंकवाद के बीज…
बोले-पीएम मोदी ने न सिर्फ पूरे देश को एकजुट रखा, बल्कि जवानों का हौसला बढ़ाया
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद सेना के शौर्य को सलामी देने के लिए उन्होंने बुधवार को अपने सरकारी आवास से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा को रवाना किया। सीएम योगी ने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया।
इस दौरान भीषण गर्मी के बावजूद भी कालिदास मार्ग पर अपने हाथों में तिरंगा थामे युवकों का जोश देखने लायक था। भारतीय सेना को सम्मान देने के लिए राजधानी लखनऊ में ऐसा जोश और उत्साह दिखाई दिया कि मुख्यमंत्री ने भी उसकी भरपूर सराहना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जवानों, पूर्व सैनिकों, जवानों का अभिनंदन किया। सीएम ने कहा कि पूरा देश भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम को सैल्यूट करते हुए बहादुर जवानों का अभिनंदन करने के लिए उतावला दिखाई दे रहा है।
भारत के आन, मान-शान तथा शौर्य-पराक्रम का प्रतीक है तिरंगा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जवानों के सम्मान में भाजपा द्वारा तिरंगा यात्रा प्रारंभ की गई है। यह तिरंगा भारत के आन, मान-शान तथा शौर्य-पराक्रम का प्रतीक है।
तिरंगा के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करने, सैनिकों को सर्वोच्च सम्मान देने व पीएम मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए यूपी में आज से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद इतनी सुबह आपकी उपस्थिति भारतीय सेना के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति का सुंदर उदाहरण है। यही धैर्य व समर्पण का भाव भारतीय नागरिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत सैनिकों व देश की सरकार के प्रति व्यक्त किया।
...फिर दुनिया की कोई ताकत भारत के सामने टिक नहीं पाएगी : मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी का पहले दिन से ही संकल्प रहा है कि जब हम नए और विकसित भारत की बात करते हैं तो हमारा ध्येय राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए आवश्यक है कि हम राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ काम करें।
जब राष्ट्र प्रथम का भाव 140 करोड़ भारतीयों की प्राथमिकता होगी तो अपने-अपने क्षेत्र में कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए हर भारतवासी लगेगा, फिर दुनिया की कोई ताकत भारत के सामने टिक नहीं पाएगी। सीएम ने पीएम मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने पूरे देश को एकजुट रखा और पंजाब के आदमपुर में जाकर बहादुर जवानों के हौसलों को बढ़ाया।