SwadeshSwadesh

धार्मिक नगरी अयोध्या, मथुरा, काशी में फहरा भगवा, भाजपा ने हासिल की जीत

मथुरा-वाराणसी में भाजपा ने किया क्लीन स्वीप

Update: 2022-03-10 15:53 GMT

लखनऊ। उप्र विधानसभा चुनाव परिणाम आने के साथ ही सभी लोगों की नजरें मथुरा, काशी, अयोध्या, प्रयागराज जैसी धार्मिक नगरियों पर थी। यहां भाजपा प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी।  वहीँ सपा-बसपा-कांग्रेस जीत हासिल करने के लिए आतुर थी। चुनाव प्रचार के दौरान भी ये धर्मस्थल सबसे ज्यादा चर्चा में रहे थे। ऐसे में भाजपा ने धर्मस्थलों से संबंधित सभी विधानसभाओं पर भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया है। वाराणसी-मथुरा में भाजपा ने सभी सीटों पर क्लीन स्वीप किया है।

वाराणसी में दोहराया इतिहास - 


प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा सीट वाराणसी (काशी) में भाजपा ने सभी आठों विधानसभा सीटों पर भगवा फहरा दिया है। वाराणसी कैंट से भाजपा प्रत्याशी सौरभ श्रीवास्तव ने 147833 (60.63%) वोटों के साथ जीत दर्ज की है।पिंडरा में अवधेश सिंह ने 35621 वोटों से बसपा उम्मीदवार को हराया। अजगरा में भाजपा प्रत्याशी त्रिभुवन राम विजयी हुए हैं। त्रिभुवन ने सपा गठबंधन के सुभासपा प्रत्याशी सुनील सोनकर को 9245 वोटों से हराया। सेवापुरी में भाजपा प्रत्याशी नीलरतन पटेल विजयी हुए हैं। नील रतन पटेल ने सपा के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल को 22679 से वोटों से हराया।शिवपुर में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर को 27831 वोटों से हराया।  वहीँ रोहनियां सीट भाजपा गठबंधन के साथी अपना दल(एस) प्रत्याशी सुनील पटेल ने अपना दल कमेरावादी अभय पटेल को 46601 वोट से हरा दिया। 

मथुरा में भाजपा का परचम - 


भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है । मथुरा शहर से भाजपा सरकार में मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस के निकटतम उम्मीदवार प्रदीप माथुर को 151729 मतों से हराया है।  गोवर्धन सीट पर भाजपा के प्रत्याशी ठाकुर मेघश्याम सिंह जीत चुके हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वन्द्वी बसपा प्रत्याशी राजकुमार रावत को 42 हजार 507 वोटों से हराया। वहीँ हॉट सीट मणि जा रही मांट विधानसभा पर भाजपा के युवा प्रत्याशी राजेश चौधरी ने बसपा के दिग्गज नेता श्याम सुंदर शर्मा को पटखनी दे दी।  उन्होंने श्याम सुंदर को 8,228 वोटों से हराया।  इसके अलावा छाता और बलदेव सीट पर भी भाजपा ने जीत हासिल की।  

अयोध्या में भगवा -  

रामनगरी अयोध्या में भाजपा ने बढ़त हासिल की।  यहां की 5 विधानसभा सीटों में से 3 पर भाजपा और 2 पर समाजवादी पार्टी ने कब्ज़ा जमाया।  अयोध्या सीट से वर्तमान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने दूसरी बार जीत दर्ज की।  उन्होंने समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रह चुके तेजनारायण पांडेय उर्फ़ पवन पांडेय को हराया।  इसके अलावा भाजपा ने रुदौली और बीकापुर सीटें जीती। वहीं मिल्कीपुर और गोसाईंगंज सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत हासिल करने में सफल हो गई।  

Tags:    

Similar News