SwadeshSwadesh

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर हर घर राशन अभियान शुरू

ललन कुमार ने इस अभियान को प्रारंभ करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य है कि इस महामारी में कोई भूखा न रहे।

Update: 2021-05-21 12:13 GMT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के संयोजक ललन कुमार ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि पर हर घर राशन अभियान शुरू किया। इस अभियान का उद्देश्य उन ज़रूरतमंद लोगों तक राशन पहुंचाना है जो इस महामारी में जीविकोपार्जन करने में अफसल हैं। जो 2 वक़्त की रोटी के संकट से जूझ रहे हैं। ललन कुमार ने इस अभियान को प्रारंभ करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य है कि इस महामारी में कोई भूखा न रहे।

अभियान की शुरुआत बीकेटी (169) विधानसभा स्थित विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों से की गई। जहां नागरिकों ने आकर राशन लिया। इसी श्रंखला में उन्होंने लौलाई, जुग्गौर, बेहटा, भवानीपुर, पहाडपुर, कुम्हरावां, महिगवां, कन्हाईपुर, महोना, चंदनापुर, इटौंजा, कठवारा एवं रैथा रोड पर राशन वितरित किया। राशन के पैकेट में 5 किलो आटा, 5 किलो चावल, 1 किलो दाल, 1 लीटर तेल, 1 किलो प्याज़, 1 किलो आलू, आधा किलो नमक, 2 चॉकलेट, मास्क एवं मसाला (हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, सब्जी मसाला) शामिल हैं।

राजीव गांधी को याद करते हुए ललन कुमार ने कहा कि देश के विकास में पूर्व प्रधानमन्त्री राजीव गांधी का अहम योगदान रहा है। राजीव गांधी को भारत में सूचना प्रोद्योगिकी का जनक कहा जाता है। वह एक दूरदर्शी नेता थे। इसी सोच के चलते उन्होंने दूरसंचार एवं कंप्यूटर पर काफ़ी ज़ोर दिया। हम सभी जानते हैं कि उनके द्वारा की गयी ये शुरुआत आज कितनी फायदेमंद सिद्ध हुई। उन्होंने पंचायती राज की नींव रखकर सरकार को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा दिया। आज वहां के लोग अपने क्षेत्र के विकास के लिए अपने ही बीच के किसी व्यक्ति को चुनते हैं।

एक युवा प्रधानमंत्री होने के नाते उन्होंने युवाओं के लिए बहुत कार्य किये। मतदान के लिए उम्र 21 वर्ष से 18 वर्ष कर उन्होंने युवाओं को अपनी सरकार चुनने का मौक़ा दिया। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने 'नवोदय विद्यालयों' की शुरुआत की। आज देश आईटी के क्षेत्र में जो उपलब्धियां हासिल कर रहा है उसकी नींव राजीव गाँधी जी ने ही रखी थी। उनकी दूरदर्शिता ने हमें एक मज़बूत अर्थव्यवस्था बनने में बड़ा योगदान दिया।

Tags:    

Similar News