अब ट्रेन में पेट एनिमल ले जाना हुआ आसान, ऑनलाइन बुकिंग कैसे करें? जानें पूरा प्रोसेस
पेट लवर्स के लिए बड़ी खबर: अब आप भी ट्रेन में पेट ले जा सकते हैं, जानें पेट के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग का पूरा प्रोसेस
रेलवे ने पेट एनिमल पालने वाले पैसेंजर्स को बड़ी राहत दी है। अब ट्रेन जर्नी के दौरान डॉग या कैट को साथ ले जाने के लिए पार्सल ऑफिस जाकर बुकिंग कराने की जरूरत नहीं होगी। रेलवे ने यह सुविधा आईआरसीटीसी के ऑनलाइन पोर्टल पर शुरू कर दी है, जिससे पैसेंजर्स घर बैठे ही अपने पेट एनिमल की बुकिंग कर सकेंगे।
कौन-से कोच में ले जा सकते हैं पेट एनिमल
रेलवे रूल्स के अनुसार सेकंड एसी, थर्ड एसी और स्लीपर कोच में पेट एनिमल ले जाने की परमिशन नहीं है। पहले आईसीएफ कोच में डॉग और कैट बॉक्स की फैसिलिटी होती थी, लेकिन अब ज्यादातर ट्रेनें एलएचबी कोच के साथ चल रही हैं, जिनमें यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से अब सिर्फ फर्स्ट क्लास के कूपे और केबिन में ही पेट एनिमल की बुकिंग की जा रही है, जो पैसेंजर्स के लिए थोड़ा महंगा साबित हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक, डॉग और कैट की बुकिंग सिर्फ फर्स्ट क्लास कोच में ही होगी। इसके लिए पैसेंजर्स को कूपे या केबिन रिजर्व कराना जरूरी होगा। डॉग को ट्रेन में तभी ले जाने की परमिशन मिलेगी, जब संबंधित केबिन में कम से कम दो पैसेंजर्स का कन्फर्म टिकट होगा।
अपने पेट के लिए ऑनलाइन बुकिंग कैसे करें
अपने पेट की ट्रेन बुकिंग के लिए सबसे पहले पैसेंजर को फर्स्ट क्लास में कूपे या केबिन का कन्फर्म टिकट बुक करना होगा। इसके बाद आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं। वेबसाइट पर पार्सल / लगेज बुकिंग ऑप्शन चुनें और अपना पीएनआर नंबर व मोबाइल नंबर भरें। इसके बाद अपने पेट से जुड़ी जरूरी डिटेल्स दर्ज करें। सिस्टम अपने आप 60 किलो लगेज के आधार पर फेयर दिखाएगा, जिसे ऑनलाइन पेमेंट करना होगा। पेमेंट के बाद मिली रसीद को डाउनलोड कर यात्रा के दौरान साथ रखें।
60 किलो लगेज के आधार पर फेयर
पेट डॉग और कैट की बुकिंग का फेयर पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम के तहत तय किया जाता है। पार्सल डिपार्टमेंट के अनुसार, डॉग की बुकिंग 60 किलोग्राम लगेज के स्टैंडर्ड पर की जा रही है। पहले ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर हर महीने लगभग 25 पैसेंजर्स डॉग बुकिंग के लिए पार्सल ऑफिस पहुंचते थे, जिन्हें अब यह सुविधा ऑनलाइन मिल रही है।
क्या बोले अधिकारी
झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे ने आईआरसीटीसी पोर्टल के जरिए डॉग और कैट की ऑनलाइन बुकिंग फैसिलिटी शुरू कर दी है। अब अगर कोई पैसेंजर अपने पेट को ट्रेन जर्नी के दौरान साथ ले जाना चाहता है, तो यह प्रोसेस पहले से काफी आसान हो गया है।