आज का मौसम: शुरू हो गई गर्मी की मार, दिल्ली, महाराष्ट्र सहित इन प्रदेशों में पहली बार हीट का येलो अलर्ट जारी
Weather Forecast Today: देश भर में गर्मी ने अपना सितम दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली, महाराष्ट्र से लेकर उत्तर प्रदेश तक सूरज की गर्मी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को भीषण गर्मी या हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि 9 अप्रैल तक दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वी राजस्थान में लू चलने की आशंका है।
राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर शुरू
दिल्ली NCR में गर्मी लगातार बढ़ रही है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है जो सामान्य तापमान से 5 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने चेतावनी जारी की है कि अगले 6 दिनों तक दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में लू चल सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने धूप से बचने की सलाह दी है।
राजस्थान में बदलेगा मौसम
राजस्थान में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज बदल रहा है। कई जिलों में इस हफ्ते बारिश होने की संभावना है। यहां का औसतन तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, राजधानी जयपुर में आज सोमवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पंजाब - हरियाणा में चलेंगी गर्म हवाएं
आज ने शनिवार को पंजाब और हरियाणा में मौसम साफ किंतु गर्म रहेगा। हरियाणा में तेज धूप के साथ गर्म हवाओं के चलने की संभावना है। रविवार को तापमान में बढ़ोतरी होगी। यहां का अधिकतम तापमान 37 - 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 19 - 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
दक्षिण में बारिश की संभावना
देश के दक्षिण हिस्से में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण शनिवार और रविवार को बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और पांडिचेरी के अलग-अलग स्थानों में भारी बारिश के अनुमान हैं।