भारत 10वीं बार U-19 के फाइनल में, अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, अब इंग्लैंड से मुकाबला

भारत ने अफगानिस्तान को सेमी फाइनल में 7 विकेट से हराया। इसके चलते टीम 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाई है।

Update: 2026-02-04 16:49 GMT

नई दिल्लीः भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाते हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड के साथ फाइनल का टिकट कटाया। अब खिताबी मुकाबला 6 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा।

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 4 विकेट पर 310 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से फैजल शिनोजादा ने 110 रन की शानदार पारी खेली, जबकि उजैरुल्लाह नियाजई 101 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से दीपेश देवेन्द्रन और कनिष्क चौहान ने दो-दो विकेट झटके।

भारत का सबसे बड़ा रन चेज

311 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया। ओपनर आरोन जॉर्ज के शानदार शतक की बदौलत भारत ने 41.1 ओवर में 3 विकेट खोकर मैच जीत लिया। यह न सिर्फ टूर्नामेंट बल्कि यूथ वनडे इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी बन गया।

आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 115 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनके साथ वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी अहम योगदान दिया।

वैभव-एरॉन की जोड़ी ने दिलाई तेज शुरुआत

विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 33 गेंदों में 68 रन ठोककर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के लगाए और 206.06 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। वैभव और आरोन जॉर्ज ने पहले विकेट के लिए 57 गेंदों में 90 रन जोड़े। वहीं, कप्तान आयुष म्हात्रे ने 62 रन की संयमित पारी खेलकर जीत को आसान बना दिया।

रिकॉर्ड्स की बारिश वाला मुकाबला

इस मुकाबले में कुल 620 रन बने, जो भारत और अफगानिस्तान के बीच यूथ वनडे इतिहास का सबसे ज्यादा संयुक्त स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 27 दिसंबर 2021 को दुबई में खेले गए मुकाबले में 521 रन का था।

अब इंग्लैंड से खिताबी टक्कर

अब अंडर-19 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 6 फरवरी, शुक्रवार को भारत और इंग्लैंड के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। इस फाइनल के जरिए टीम इंडिया छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Tags:    

Similar News