प्रधानमंत्री के वार के बाद बैकफुट पर आए कांग्रेस मुख्यमंत्री चन्नी

बोले पंजाबियों व प्रवासियों में नाखून-मांस का रिश्ता

Update: 2022-02-17 12:05 GMT

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रवासियों के संबंध में दिए गए बयान को वापस लेते हुए कहा है कि पंजाब के विकास में प्रवासियों का योगदान अहम है। इसे किसी भी सूरत में नकारा नहीं जा सकता है। चन्नी ने कहा कि विरोधी राजनीतिक दलों द्वारा उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया है। 

पंजाब के मुख्यमंत्री का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में यूपी व बिहार से आए हुए लोगों को भईया कहकर संबोधित किया था। इसके बाद विपक्षी दल लगातार उन्हें घेर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी गुरुवार को पंजाब दौरे के दौरान इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। मोदी के अबोहर में भाषण के बाद चन्नी ने एक वीडियो जारी करके कहा कि प्रवासियों तथा पंजाबियों के बीच नाखून व मांस का रिश्ता है। मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

नाख़ून व मांस का रिश्ता - 

चन्नी ने कहा कि पंजाब के उद्योग पूरी तरह से प्रवासियों पर निर्भर हैं। वह पंजाब को आर्थिक रूप से मजबूत करने में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। चन्नी ने कहा कि उन्होंने यह बयान आम आदमी पार्टी नेता दुर्गेश पाठक, संजय सिंह और अरविंद केजरीवाल के संदर्भ में दिया था। इस बयान से पंजाब में पड़ोसी राज्यों से आने वाले लोगों का कोई संबंध नहीं है। चन्नी ने कहा कि पंजाब पर जितना हक पंजाबियों का है उतना ही हक प्रवासियों का भी है। पंजाब के लोग भी अपने कामकाज के सिलिसिले में दूसरे राज्यों तथा विदेशों में जाते हैं। वहां जाकर पंजाबी भी प्रवासी कहलाते हैं।

Tags:    

Similar News