'मैं कार्यकर्ता, वे मेरे बॉस', BJP के नए अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर बोले PM नरेंद्र मोदी
BJP के नए अध्यक्ष नितिन नबीन के ऐलान पर PM मोदी ने कहा मैं कार्यकर्ता हूं, वे मेरे बॉस हैं। अब हमारे काम का आंकलन करेंगे।
नई दिल्लीः नितिन नबीन मंगलवार को भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में उनके नाम का ऐलान किया गया। नितिन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद 18 जनवरी, सोमवार को फुल टाइम अध्यक्ष पद के लिए उनका इकलौता नामांकन आया था। इसके बाद वे निर्विरोध पार्टी अध्यक्ष बन गए।
नए अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाई। साथ ही सम्मानित करते हुए बधाई। पीएम ने कहा कि वो (नितिन नबीन) दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व करने जा रहे हैं। पिछले कई महीने से संगठन के कई स्तर पर चुनाव की प्रक्रिया चली, जो पूरी तरह से लोकतांत्रिक थी। आज इस प्रक्रिया का विधिपूर्वक समापन हुआ। इस दौरान पीएम मोदी ने 55 मिनट का भाषण दिया।
'वो मेरे बॉस हैं'
पदभार के समय पीएम ने कहा, ‘ भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां लोगों को लगता होगा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री है। तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। 50 साल की इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल से हेड ऑफ द गवर्नमेंट रहे हैं। हालांकि ये सब अपनी जगह पर हैं। लेकिन इन सबसे बड़ी चीज मेरे जीवन में है कि मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है।
हमारे काम का करेंगे आंकलन
वहीं, जब बात पार्टी के विषयों की आती है तब माननीय नितीन नबीन, मैं कार्यकर्ता हूं वे मेरे बॉस हैं। अब नितीन नबीन हम सभी के अध्यक्ष हैं। वे मेरे काम का आंकलन करेंगे।’
नितिन नबीन को लेकर क्या बोले पीएम
नितिन नवीन को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि आज के युवाओं की भाषा में कहूं तो नितिन नबीन खुद मिलेनियल हैं। वे खुद उस जनरेशन से है जिन्होंने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक, और टेक्नोलॉजिकल परिवर्तन होते देखे हैं। वो उस जनरेशन से हैं जिसने बचपन में रेडियो से सूचना पाई और आज AI के भी एक्टिव यूजर हैं। नितिन के पास युवा उर्जा भी है और संगठन में कार्य का लंबा अनुभव भी है। यह हमारे दल के हर कार्यकर्ता के लिए बहुत उपयोगी होगा।
साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा से मिला सम्मान
बीजेपी के अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने जनता को संबोधित किया। उनका पहला भाषण करीब 20 मिनट तक चला। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मेरा निर्वाचन एक साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा को मिला सम्मान है।'
पूर्व अध्यक्ष ने पहले किया संबोधित
पीएम नरेंद्र मोदी और नितिन नबीन से पहले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'नबीन की लीडरशिप में पार्टी नई राज्यों में अपनी पहुंच बढ़ाएगी। उन क्षेत्रों में भी कमल खिलेगा जहां अब तक भाजपा को सफलता नहीं मिली है, जैसे बंगाल, पुडुचेरी, तमिलनाडु, असम और केरल।'