SwadeshSwadesh

महाराष्ट्र सरकार की घोषणा : अस्पताल आग हादसे में मृतकों के परिजन को मिलेंगे 5 लाख

Update: 2021-11-06 10:16 GMT

मुंबई। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि अहमदनगर जिला अस्पताल में लगी आग की घटना बहुत ही दुखद है। इस घटना के प्रत्येक मृतक के आश्रित को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद सरकार की ओर से की जाएगी। घटना की जांच एडिशनल आयुक्त के नेतृत्व में कराई जाएगी। इसका आदेश जारी कर दिया गया है। यह रिपोर्ट एडशिनल आयुक्त को 8 दिन के अंदर देना अनिवार्य है। इसके बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

राजेश टोपे ने कहा कि इस घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने जिलाधिकारी, जिला पुलिस अधीक्षक और अस्पताल के सिविल सर्जन से बात की। इन लोगों ने बताया कि अस्पताल में शनिवार की रात पौने ग्यारह बजे धुंआ निकलते देखा गया था। इसके बाद यहां लगी आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल पर तत्काल पहुंचीं लेकिन जिला अस्पताल के आईसीयू में इलाज करवा रहे कुल 17 मरीजों में से सिर्फ 7 लोगों को ही बचाया जा सका और 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश वृद्ध लोग हैं।

राजेश टोपे ने कहा कि अहमदनगर जिला अस्पताल का फायर ऑडिट करवाया गया था लेकिन इसके बाद भी आग आखिर कैसे लगी, यह जांच के बाद ही सामने आएगा। घटनास्थल पर संरक्षक मंत्री हसन मुश्रीफ, राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात, स्वास्थ्य राज्यमंत्री यड्रावकर राहत एवं बचाव कार्य में लगे हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदना मृतकों के आश्रितों के साथ है। देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है।

Tags:    

Similar News