सीहोर: भीड़ ने दो लोगों को बंधक बनाकर खिलाया गोबर, कांग्रेस बोली - यही है जंगलराज

Update: 2025-06-24 18:45 GMT

सीहोर : भीड़ ने दो लोगों को बंधक बनाकर खिलाया गोबर

मध्यप्रदेश। सीहोर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। भीड़ ने दो लोगों को बांधकर उन्हें महिलाओं के कपड़े पहनने को मजबूर किया और उन्हें गोबर भी खिलाया। बंधक बनाए गए दोनों युवकों के बाल भी काट दिए गए। इस घटना पर कांग्रेस ने मोहन सरकार को घेरा है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने इस घटना को 'जंगलराज' बताया है।

सीहोर का यह वायरल वीडियो दोराहा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वीडियो के आधार पर पीड़ितों और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, बुगली ग्राम में सोमवार रात को गांव के कुछ लोगों ने दो युवकों को किसी मामले में सदेह के आधार पर पकड़ा था। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें बेरहमी से पीटा और उनके साथ अमानवीय बर्ताव किया। पुलिस को संदेह है कि आरोपी बेलदार समाज से संबंधित और रायसेन जिले के निवासी हो सकते हैं।

वायरल वीडियो संज्ञान में आते ही आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - राजेश सिंह, दोराहा थाना प्रभारी

वायरल वीडियो में कुछ लोग दो युवकों को पकड़कर मारपीट कर रहे हैं। उन्हें गोबर खिला रहे हैं और बाल काट रहे हैं। साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग भी कर रहे हैं।

इस घटना पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा - क्या मध्यप्रदेश में संपूर्ण जंगलराज लागू है ? सीहोर में दो युवकों को पीटने, महिलाओं के कपड़े पहनाने और गोबर खिलाने की घटना मानवता को शर्मसार करती है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा - क्या मध्यप्रदेश में अब एक ऐसी समानांतर न्याय व्यवस्था चल रही है, जहां फैसले जंगलराज के जंगली कानून से होते हैं? सीहोर जिले का यह वायरल वीडियो फिर ऐसे सवाल खड़े कर रहा है, जहां भीड़ का न्याय जिंदगी पर भारी पड़ रहा है।

Tags:    

Similar News