विदिशा में छेड़छाड़ का विरोध किया तो चाकुओं से गोदकर हत्या, CCTV में कैद घटना
विदिशा में युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की चाकू मारकर हत्या, CCTV में कैद वारदात, पुलिस जांच में जुटी ।
मध्यप्रदेश के विदिशा जिले से सामने आई यह घटना समाज और सुरक्षा व्यवस्था दोनों को आईना दिखाती है । इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शनिवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. कारण बताया जा रहा है कि उसने एक युवती से हो रही छेड़छाड़ का विरोध किया था ।
घर से बुलाकर किया हमला
मृतक की पहचान नंदू उर्फ शुभम चौबे के रूप में हुई है । वह एयर कंडीशनर सुधारने का काम करता था. पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले शुभम ने करैया खेड़ा रोड निवासी चुन्नी और उसके साथियों को एक युवती से अभद्र व्यवहार करने से रोका था, उस समय मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा । शनिवार शाम करीब 8 बजे चुन्नी अपने कई साथियों के साथ बाइक से कॉलोनी में पहुंचा. शुभम को घर से बाहर बुलाया गया और उसके साथ मारपीट की गई. जिसके बाद चाकू से हमला किया गया ।
CCTV में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना
यह पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में आरोपी शुभम के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के समय आसपास लोग मौजूद थे लेकिन किसी के आगे न आने की बात भी सामने आई है । हमले के बाद शुभम को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह शांत स्वभाव का और मिलनसार युवक था ।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं ।