खंडवा: शक्कर तालाब क्षेत्र में चला बुलडोजर, 98 से अधिक घरों को ध्वस्त

Update: 2025-06-12 04:19 GMT

खंडवा : शक्कर तालाब क्षेत्र में बुलडोजर एक्शन

खंडवा, मध्यप्रदेश। खंडवा शहर के अधिकारियों ने शक्कर तालाब क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया है। सुबह से ही अभियान शुरू होने के बाद से 137 चिह्नित संरचनाओं में से 98 से अधिक घरों को ध्वस्त कर दिया गया है। इस अभियान में 10 जेसीबी, 4 पोकलेन मशीन, 3 फायर टेंडर, 10 डंपर और 3 एंबुलेंस शामिल हैं।

उप नगर आयुक्त एसआर सिटोले ने बताया कि, "शक्कर तालाब क्षेत्र में 137 व्यक्तियों ने तालाब की भूमि पर अस्थायी अतिक्रमण कर रखा था। इनमें से 27 को उच्च न्यायालय द्वारा स्टे दिया गया है, जबकि 12 घर हाउसिंग बोर्ड के स्वामित्व में हैं।"

बताया जा रहा है कि, गुरुवार सुबह 5 बजे से लगभग 15 बुलडोजर क्षेत्र में मंगवाए गए हैं। यहां नगर निगम समेत पुलिस के आला अधिकारी मौजूद हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच अस्थायी अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।

शक्कर तालाब 16 एकड़ क्षेत्र में फैला है। यहां करीब 3 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से कब्जा किया गया था। अवैध कब्जा करने वालों को नोटिस दिया गया था। एक दिन पहले कई लोगों ने कब्जा छोड़ दिया था। जिन मकानों को कोर्ट से स्टे मिला है उन्हें फिलहाल ध्वस्त नहीं किया जाएगा।

खंडवा नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत ने कहा, "यह शक्कर तालाब क्षेत्र है। हम आज यहां अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रहे हैं। हम पिछले 4 महीनों से जगह खाली करने के लिए मुनादी और नोटिस दे रहे हैं। करीब 100 अवैध मकान तोड़े जा चुके हैं। कुछ मकान मालिकों के पास कोर्ट से स्टे था, उन्हें छोड़ दिया गया है।"

Tags:    

Similar News