MP News: जैतवारा थाना प्रभारी विजय सिंह लाइन अटैच, हेड कॉन्स्टेबल गोलीकांड में SP ने लिया एक्शन, आरोपी पर इनाम घोषित
मध्यप्रदेश। जैतवारा थाना प्रभारी विजय सिंह लाइन अटैच कर दिया गया है। यह कार्रवाई हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग गोलीकांड मामले में की गई है। एक नकाबपोश आरोपी ने हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग को थाने में घुसकर गोली मार दी थी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। एसपी ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी के खिलाफ एक्शन लिया है। इस मामले में आरोपी फरार है और उस पर पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है।
बीते 24 घंटे से अधिक समय से हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग को गोली मारने वाला आरोपी फरार है। पुलिस की 10 से अधिक टीम आरोपी की तलाश में जुटी हैं। आईजी ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस की गतीम मध्यप्रदेश के साथ - साथ उत्तरप्रदेश में भी आरोपी की तलाश कर रहीं हैं।
क्या है मामला :
सतना के जैतवारा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को थाने में घुसकर एक आरोपी ने सीने में गोली मार दी थी। आरक्षक प्रिंस गर्ग को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती किया गया। बताया जा रहा था कि, देर रात एक आरोपी थाने में आया और आरक्षक पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गया। इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में है।
जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग जैतवारा थाना परिसर बैरक में थे। जब वह ड्यूटी के बाद खाना खाने पहुंचे तो उन्हें बाहर से आवाज आई। उन्होंने देखा तो एक नकाबपोश युवक उन पर बन्दूक ताने खड़ा था। इसके पहले प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग कुछ समझ पाते युवक ने फायरिंग कर दी। गोली प्रधान आरक्षक के कंधे पर लगी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी मदद के लिए आगे आए। आनन - फानन में आरक्षक प्रिंस गर्ग को अस्पताल में भर्ती किया गया।
आरक्षक प्रिंस गर्ग के शरीर में सिटी स्कैन के दौरान गोली नहीं मिली। हालांकि डॉक्टर्स द्वारा उन्हें निगरानी में रखा था।