पुलिस पर हमला: सतना के जैतवारा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को आरोपी ने थाने में घुसकर मारी गोली, हालत गंभीर

Update: 2025-04-29 02:51 GMT

मध्यप्रदेश। सतना के जैतवारा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को थाने में घुसकर आरोपियों ने सीने में गोली मार दी। आरक्षक प्रिंस गर्ग को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती किया गया है। देर रात एक आरोपी थाने में आया और आरक्षक पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गया। इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में है।

जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग जैतवारा थाना परिसर बैरक में रहते हैं। जब वह ड्यूटी के बाद खाना खाने पहुंचे तो उन्हें बाहर से आवाज आई। उन्होंने देखा तो एक नकाबपोश युवक उन पर बन्दूक ताने खड़ा था। इसके पहले आरक्षक प्रिंस गर्ग कुछ समझ पाते युवक ने आरक्षक पर फायरिंग कर दी। गोली आरक्षक के कंधे पर लगी। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी मदद के लिए आगे आए। आनन - फानन में आरक्षक प्रिंस गर्ग को अस्पताल में भर्ती किया गया।

आरक्षक प्रिंस गर्ग के शरीर में सिटी स्कैन के दौरान गोली नहीं मिली। हालांकि डॉक्टर्स द्वारा उन्हें निगरानी में रखा गया है। CSP महेंद्र सिंह ने कहा कि, आरक्षक के कंधे पर गोली लगी है। उसकी हालत स्थिर है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस पार्टियां रवाना की गई हैं।

Tags:    

Similar News