T20 वर्ल्ड कप में 15 फरवरी को भिड़ेंगे भारत-पाक, शहबाज सरकार ने मानी श्रीलंका के राष्ट्रपति की बात

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी को होगा। पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक पुष्टि की।

Update: 2026-02-10 09:51 GMT

नई दिल्लीः आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार रात अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट कर इसकी पुष्टि की।

पोस्ट के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने भारत के खिलाफ प्रस्तावित मैच खेलने की अपील की। वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से मैच खेलने की सिफारिश की थी।

क्यों किया था बायकॉट

दरअसल, बांग्लादेश को टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने 1 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया था। हालांकि, उसने टूर्नामेंट के अन्य मुकाबलों में खेलने की सहमति दी थी।

फोन पर हुई बातचीत में क्या कहा गया?

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और श्रीलंका के राष्ट्रपति के बीच हुई बातचीत में दिसानायके ने कहा कि आतंकवाद के कठिन दौर में पाकिस्तान ने श्रीलंकाई क्रिकेट का पूरा समर्थन किया था। उसी भावना के तहत श्रीलंका अब पाकिस्तान से सहयोग की अपेक्षा करता है।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति की भावनाओं का स्वागत करते हुए कहा कि सभी संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद अंतिम फैसला श्रीलंका को सूचित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीलंका मुश्किल समय में पाकिस्तान के साथ मजबूती से खड़ा रहा है। हाल ही में श्रीलंकाई टीम का पाकिस्तान दौरा रद्द न करना इसी सहयोग का उदाहरण है।

PCB ने पीएम को दी बैठकों की जानकारी

PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री को भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर हालिया बैठकों की जानकारी दी। इन बैठकों में ICC और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधि भी शामिल थे।

पाकिस्तान सरकार ने BCB के औपचारिक अनुरोध और श्रीलंका, यूएई समेत अन्य मित्र देशों के समर्थन पर विचार करने के बाद फैसला लिया। सभी पक्षों से चर्चा के बाद पाकिस्तान ने तय किया कि उसकी टीम 15 फरवरी 2026 को ICC मेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।

PAK मीडिया का दावा और मीडिया की रिपोर्ट

पाकिस्तान की मीडिया का दावा है कि ICC ने PCB की शर्तें मान ली हैं। वहीं, इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक ICC ने पाकिस्तान की तीनों मांगों को खारिज कर दिया है। ICC ने इस पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन जारी विज्ञप्ति में यह साफ किया गया है कि बांग्लादेश पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा और भविष्य में उसे एक ICC इवेंट भी दिया जाएगा।

ICC के सामने पाकिस्तान की तीन शर्तें

भारत से खेलने को लेकर पाकिस्तान ने ICC के सामने तीन शर्तें रखी थीं-

पहली शर्त थी कि ICC की कुल कमाई में पाकिस्तान का हिस्सा बढ़ाया जाए।

दूसरी, भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को बहाल किया जाए।

तीसरी, मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू किया जाए।

गौरतलब है कि एशिया कप के दौरान पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाया था। फिलहाल ICC के रेवेन्यू मॉडल में पाकिस्तान चौथा सबसे बड़ा हिस्सेदार बोर्ड है, जिसे कुल कमाई का करीब 5.75 प्रतिशत हिस्सा मिलता है।

भारत-पाक मैच नहीं हुआ तो किसे नुकसान

7 फरवरी को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने PCB से इस मैच पर दोबारा विचार करने की अपील की थी। इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट ने PCB को ईमेल भेजकर कहा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला नहीं होने की स्थिति में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा और टूर्नामेंट की छवि भी प्रभावित होगी।

मेल में SLC ने लिखा कि भारत के साथ मिलकर टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी की जा रही है और अगर यह हाई-वोल्टेज मुकाबला नहीं होता है, तो रेवेन्यू पर सीधा असर पड़ेगा।

Tags:    

Similar News