ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत से शुरुआत, USA को 29 रन से हराया
T20 World Cup में भारत ने USA को 29 रन से हराया। सूर्या की फिफ्टी और सिराज के 3 विकेट निर्णायक रहे।
नई दिल्लीः आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। शनिवार रात खेले गए मुकाबले में भारत ने USA को 29 रन से हराकर शुरुआती बढ़त बना ली। वहीं, दिन के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड के खिलाफ मुश्किल से जीत दर्ज की। जबकि वेस्टइंडीज की भी जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया।
टॉप ऑर्डर फेल, कप्तान ने संभाली पारी
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 46 रन के भीतर अपने चार अहम विकेट गंवा दिए। ऐसे मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और जिम्मेदारी भरी पारी खेली। सूर्या ने 49 गेंदों पर 84 रन की दमदार पारी खेलते हुए टीम को 20 ओवर में 9 विकेट पर 162 रन तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए USA लड़खड़ाया
भारतीय टीम के दिए 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी USA की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। शुभम रंजने और संजय कृष्णमूर्ति ने 37-37 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, जबकि मिलिंद कुमार ने 34 रन जोड़े, लेकिन टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।
गेंदबाजों ने दिलाई जीत
भारतीय गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से USA की बल्लेबाजी को बांधे रखा। मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 सफलता मिली, जिससे भारत की जीत आसान हो गई।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती।
USA: साईतेजा मुक्कामाला, एंड्रीज गौस, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर।