सतना संसदीय क्षेत्र में 60.37 प्रतिशत मतदान, छुट-पुट शिकायतों के बीच शांतिपूर्ण वोटिंग

Update: 2024-04-26 14:33 GMT

किसके सर सजेगा सांसद पद का ताज, ईवीएम मे जनता ने तय किया प्रत्याशी का भाग्य

सतना। सतना लोकसभा चुनाव को लेकर सांसद पद का ताज पहनने के लिये महीनो से कवायद चल रही थी, आखिर उस पर शुक्रवार की शाम विराम लग गया। आगामी सांसद कौन होगा इसका फैसला तो 4 जून को होगा। लेकिन सतना संसदीय क्षेत्र मे शांतिपूर्वक तरीके से मतदान संपन्न हुआ। सतना व मैहर जिले मे कुल 60.37 फीसदी मतदान प्रतिशत रहा। इन मतदाताओं ने अपना सांसद चुन कर ईवीएम मे उसके भाग्य का फैसला कैद कर दिया है। या फिर यह कहें की जनता ने अपना जनादेश ईवीएम के पिटारे मे कैद कर दिया है। जिसका ताला 4 जून को खुलेगा। अब यह देखने वाली बात होगी कि जनादेश किसके पक्ष मे होता है। इन सबके बीच प्रशासन की चाक चौंबद व्यवस्था ने मतदाताओ को पोलिंग बूथ तक आने को मजबूर कर दिया। मतदान जागरूकता को लेकर तरह-तरह की कवायद की गई थी। जिसका सार्थक परिणाम भी सामने देखने को मिला है।

दिखी लंबी कतार

जिले में करीब 60.37 फीसदी अनुमानित मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। सतना जिले में कुल 1950 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। प्रात: 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया आरंभ हो गई। मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जो मतदान के लिये अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। मतदान में पुरूषों, महिलाओं सहित युवा मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में मतदान के प्रति खासा उत्साह देखा गया। मतदान केन्द्रों में दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाता भी मतदान करने पहुंचे जिनको लाइन में न लगाकर प्राथमिकता से मतदान कराया गया।

ये प्रत्याशी थे मैदान में

लोकसभा चुनाव मे चार बार के सांसद और भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह, कांग्रेस से दो बार के सतना विधायक सिद्वार्थ कुशवाहा, बसपा से मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी के 16 अन्य उम्मीदवार मैदान में थे। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अजीज अहमद कुरैशी, मास्टर अजीत कुमार जायसवाल, अशोक कुमार गुप्ता, अशोक कुमार साकेत, ननकू यादव, रंजना मिश्रा, हरिशंकर तिवारी, अशोक कुमार बौद्ध, रिषभ सिंह, कलीम अहमद बच्चा, चन्दभान कोल, छेदीलाल प्रजापति, दुर्गेश कुमार विश्वकर्मा, राहुल दाहिया, शफीउल्ल, सुखलाल वर्मा रत्नेश शामिल हैं।

पिछले दो चुनावों का परिणाम

लोकसभा चुनाव 2024 के पूर्व 2019 के चुनाव में सतना सीट पर भाजपा के गणेश सिंह ने कांग्रेस के राजाराम त्रिपाठी को बड़े मतांतर से पराजित किया था। इसके पूर्व 2014 में सतना लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। जिसमें भाजपा के प्रत्याशी गणेश सिंह ने सतना लोकसभा सीट पर जीत की हैट्रिक लगाते हुए कांग्रेस के उम्मीदवार अजय सिंह को हराया था। बहरहाल अब 2024 में सांसद पद पर किसकी ताजपोशी होगी वह भविष्य के गर्भ में है।

मतदान के दिन भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह जहां अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सिद्वार्थ कुशवाहा, बसपा प्रत्याशी नारायण त्रिपाठी भी अपने मत को ईवीएम मे कैद करने पहुंचे। सभी 19 प्रत्याशियों का भाग्य अब ईवीएम मे जनादेश बनकर कैद हो चुका है।

किसके सिर सजेगा ताज, दिल्ली जाएगा कौन

मतदान की समय सीमा समाप्त होने के बाद चारो तरफ एक ही बात की चर्चा चलती रही कि, आखिर सतना संसदीय क्षेत्र से किसके सिर मे सांसद पद का ताज सजेगा, और दिल्ली के संसद भवन का रास्ता तय होगा। हालाकि चार बार के सांसद गणेश सिंह पांचवी बार मैदान मे थे, वहीं कांग्रेस की ओर से विधायक सिद्वार्थ कुशवाहा ने मोर्चा संभ्हाला था। जबकि बसपा से हाथी की सवारी नारायण त्रिपाठी कर रहे थे।

आंधी बारिश और टार्च की रोशनी में वोटिंग

संसदीय सीट पर शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद लाइन में लगे लोगों को पर्ची देकर वोट डलवाया गया। शाम को आंधी के साथ बारिश का दौर चला। इस दौरान कई केंद्रों पर लगे तंबू उड़ गए। सतना के बूथ क्रमांक-137 में बंदरों के आतंक से बिजली की लाइन टूट गई। इसके बाद मोबाइल की रोशनी में मतदान करवाया गया।

84 बूथ रहे वल्नरेबल, 35 आदर्श मतदान

सतना और मैहर जिले में फैले 7 विधानसभा चित्रकूट, रैगांव, सतना, नागौद, मैहर, अमरपाटन, रामपुर वाले सतना संसदीय क्षेत्र में क्रिटिकल मतदान केंद्रों की संख्या 458 रही, जबकि 84 बूथ वल्नरेबल चिह्नित किए गए थे। वहीं हर विधानसभा में 5 के मान से 35 आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए थे। सबसे अधिक 307 मतदान केंद्र और सर्वाधिक 266497 मतदाता रामपुर बाघेलान क्षेत्र में, जबकि सबसे कम 257 मतदान केंद्र और सबसे कम 221042 मतदाता चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र हैं।

अचानक मौसम ने ली करवट

दोपहर में रही कड़ी धूप और तेज गर्मी के बीच सतना में अचानक मौसम में करवट ली और धूल भरी तेज आंधी के साथ मामूली बूंदाबांदी भी हुई। तेज हवा के झोंको ने जहां मतदान केंद्रों पर लगे तंबू उड़ गए। वहीं सतना शहर में व्यंकट क्रमांक 1 स्थित मतदान सामग्री वितरण एवं जमा स्थल पर भी व्यवस्थाएं तहस नहस हो गईं। यहां लगे पंडाल भी धराशायी हो गए। सूचना मिलने पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अनुराग वर्मा तथा एसपी आशुतोष गुप्ता व्यंकट 1 पहुंचे और पंडाल दोबारा व्यवस्थित कर मतदान दलों की वापसी से पहले सब कुछ दुरुस्त कराने की कोशिश में जुट गए।

छुट-पुट आती रही शिकायतें

अमरपाटन में सीएम राइज स्कूल के मतदान क्रमांक 10 में ईवीएम में अचानक खराबी आ गई। मशीन पर चेक द बैटरी एरर लिखा आ रहा है। सीएमओ सुषमा मिश्रा पहुंची। इसके अलावा रामपुर बघेलान अंतर्गत अबेर में फर्जी मतदान की खबर चर्चा में रही। यहां एक स्कूल परिसर में 6 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कांग्रेस ने यहां एक ही व्यक्ति के मतदाता पर्चियों का बंडल लेकर अनाधिकृत रूप से मतदान केंद्र के अंदर पकड़े जाने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया में खबर आने के बाद एआरओ रामपुर बघेलान, तहसीलदार, सेक्टर अधिकारी एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी को भेजा गया। अधिकारियों ने वहां पहुंचकर जानकारी ली और मतदान दल व सुरक्षाकर्मियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद वहां सख्ती बढ़ा दी गई है। बिना गेट पर पहचान पत्र दिखाए किसी को अंदर जाने नहीं दिया गया।

विदाई से पहले दुल्हन ने डाला वोट

मतदान के प्रति उत्साह की एक बेहतरीन तस्वीर सामने आई है। उचेहरा जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिथौराबाद अंतर्गत अतरवेदिया गांव में रोशनी कुशवाहा पिता कैदीलाल कुशवाहा की रात में बारात आई थी। आज सुबह शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद विदाई होने वाली थी तब रोशनी ने परिजनों से कहा कि मैं पहले वोट डालूंगी, फिर ससुराल जाऊंगी। परिवार वालों ने बेटी की भावना का सम्मान किया और दुल्हन के वेश में ही अपने पति नीरज कुशवाहा के साथ पोलिंग बूथ क्रमांक 176 पर पहुंच वोटिंग किया। इसके बाद धूमधाम से कंचनपुर कोठी के लिए विदाई हुई। वहीं कंचन शर्मा पत्नी शिवम द्विवेदी ने भी पोलिंग बूथ झरी क्रमांक 50 पर विदाई से पहले मतदान किया। मतदान के प्रति उत्साह और राष्ट्रीय पर्व एक तस्वीर जनपद पंचायत मझगवां से भी आई। जहां ग्राम पंचायत मझगवां के पोलिंग बूथ क्रमांक 95 में शादी के बाद आकांक्षा गुप्ता ने मतदान किया और बाद में उनकी विदाई की गई।

अमरपाटन के रामनगर नगर में 3 एजेंटों से मोबाइल जब्त

सतना के अमरपाटन के रामनगर नगर परिषद क्षेत्र के कटिया में एसडीएम आरती सिंह ने मतदान केंद्र क्रमांक 244 में 3 मोबाइल जब्त किए। भाजपा, कांग्रेस और बसपा तीनों के एजेंट मोबाइल लेकर बैठे थे। उन्होंने एजेंट को फटकार लगाई। पीठासीन अधिकारी को भी हिदायत दी, केंद्र के अंदर किसी को मोबाइल का उपयोग न करने दें।

कलेक्टर-एसपी ने वोट डाला

सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा एवं उनकी पत्नी नेहा चौधरी वर्मा ने सिविल लाइन स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। एसपी आशुतोष गुप्ता ने भी इसी केंद्र में अपना वोट डाला।

मतदान का बहिष्कार, समझाइश पर माने

सतना के पोलिंग क्रमांक 299 किरहाई पर रोड नहीं तो वोट नहीं की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। जानकरी मिलने पर तहसीलदार और टीआई रामपुर बाघेलान मौके पर पहुंचे और समझाइश दी। इसके बाद मतदान शुरू हुआ। वहीं सतना शहर के मतदान केंद्र क्रमांक 100 जवाहर नगर विद्यालय में मशीन खराब होने से मतदाता परेशान होते रहे हैं। कई लोग तो वापस भी लौट गए।

सतना से अब तक के सांसद

-1952 शिवदत्त उपाध्याय-कांग्रेस

-1967 देवेन्द्र विजय सिंह-कांग्रेस

-1971 नरेन्द्र सिंह-भारतीय जन संघ

-1977 सुखेन्द्र सिंह-भारतीय लोक दल

-1980 गुलशेर अहमद-कांग्रेस

-1984 अजीत कुरैशी-कांग्रेस

-1989 सुखेन्द्र सिंह-भाजपा

-1991 अर्जुन सिंह-कांग्रेस

-1996 सुखलाल कुशवाहा-बसपा

-1998 रामानंद सिंह-भाजपा

-1999 रामानंद सिंह-भाजपा

-2004 गणेश सिंंह-भाजपा

-2009 गणेश सिंह-भाजपा

-2014 गणेश सिंह-भाजपा

-2019 गणेश सिंह-भाजपा

-2024-

कहां कितने प्रतिशत मतदान

चित्रकूट- 57.06

रैगांव- 60.75

सतना- 61.92

नागौद- 62.05

मैहर- 63.26

अमरपाटन- 57.41

रामपुर बाघेलान- 59.72

Tags:    

Similar News