SwadeshSwadesh

भाजपा ग्वालियर शहर अध्यक्ष के लिए कई नाम

माह के आखिरी तक होना है निर्वाचन

Update: 2019-11-07 11:05 GMT

ग्वालियर/वेब डेस्क।  भारतीय जनता पार्टी में संगठन चुनावों के चलते शहर भाजपा महानगर अध्यक्ष के लिए कई नाम उभरकर सामने आए हैं। जिसे लेकर वरिष्ठ नेतृत्व विचार मंथन कर शीघ्र निर्णय लेगा। वर्तमान में अध्यक्ष देवेश शर्मा इस पद पर पिछले लगभग तीन साल से पदस्थ हैं। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को संगठन चुनाव को लेकर ग्वालियर-चंबल अंचल की महत्वपूर्ण बैठक कैंसर चिकित्सालय में आयोजित की गई थी। जिसमें चुनाव की रूपरेखा प्रस्तुत हुई। बैठक में विशेष रूप से उम्र के बंधन की बात रखी गई। जिसमें कहा गया कि चुनाव में युवाओं को अधिक मौका दिया जाए। खासकर 50 वर्ष की अधिक आयु के नेता को न लेने की बात कही गई है। विशेष परिस्थितियों में ही ऐसे नाम पर विचार होगा। भाजपा ग्वालियर अध्यक्ष को लेकर देवेश शर्मा के बाद जो नाम उभरकर सामने आए हैं, उनमें पूर्व साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, महामंत्री कमल माखीजानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश सोलंकी, पूर्व महामंत्री पारस जैन, उपाध्यक्ष रामेश्वर भदौरिया के नाम प्रमुख हैं। इसके अलावा वरिष्ठ पार्षद सतीश सिकरवार, बृजेंद्र सिंह जादौन लालजी के नामों पर भी चर्चा है। इसका निर्णय स्थानीय नेताओं की अनुशंसा पर प्रदेश नेतृत्व को करना है। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व मंथन के बाद नवंबर के आखिरी सप्ताह तक निर्णय ले सकता है।

मंडल अध्यक्ष के लिए 9-10 को होंगे चुनाव

शहर के सभी नौ मंडलों में चुनाव 9 एवं 10 नवंबर को होना है। अगल-अलग मंडलों में अध्यक्ष के लिए कई नामों पर चर्चा चल रही है। अध्यक्ष के बाद मंडल कार्यसमितियों के चुनाव होंगे। इस बार मंडल अध्यक्ष के नामों की घोषणा महानगर स्तर पर न होकर प्रदेश नेतृत्व द्वारा की जाएगी। महानगर संगठन चुनाव सह अधिकारी बृजेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव आम सहमति से कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंडलों के चुनाव के बाद जिले के निर्वाचन होंगे। 

Tags:    

Similar News