वीडी शर्मा का विपक्ष पर आरोप, कांग्रेस के घोषणा पत्र में विरासत टैक्स, हमारे संकल्प-पत्र में गरीबों का कल्या

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी कह रहे हैं कि चुनाव तो भाजपा ही जीत रही है।

Update: 2024-05-08 13:55 GMT

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को बुरहानपुर जिले के नेपानगर, बुरहानपुर और खंडवा जिले के खंडवा में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा का यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। आज किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं की पूरी राशि हितग्राहियों के खातों में आती है, एक रुपया भी दलालों या बिचौलियों के पास नहीं जाता। देश में कहीं आतंकवादी घटनाएं नहीं होतीं और सारी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। कांग्रेस को देश की जनता की संपत्ति पर डाका नहीं डालने दिया जाएगा। देश को आतंकवाद और भ्रष्टाचार से मुक्त तथा विकसित भारत बनाने के लिए नरेंद्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना जरूरी है। खण्डवा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवडा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी कह रहे हैं कि चुनाव तो भाजपा ही जीत रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इंदौर से कांग्रेस के प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने को लेकर कहा है कि वैसे भी भाजपा चुनाव जीत रही है। इसका मतलब पूरी तरह से स्पष्ट है कि कांग्रेस भी मान रही है कि यह लोकसभा चुनाव भाजपा ऐतिहासिक मतों से जीत रही है और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बन रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने तीन तलाक हटाकर मुस्लिम बहनों के जीवन में खुशिया लाईं 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास उन लोगों को भी मिल रहे हैं, जो भाजपा को वोट नहीं देते। श्री शर्मा ने कहा कि दुनिया के कई मुस्लिम देशों में भी तीन तलाक की प्रथा नहीं थी, लेकिन हमारे देश में तुष्टीकरण के चलते इसे बनाए रखा गया। मोदी ने ट्रिपल तलाक हटाकर मुस्लिम बहनों के जीवन को भी खुशियों से भरने का काम किया। आप सभी कार्यकर्ता इन लोगों से भी संपर्क करें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाकर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट देने की अपील करें।

देश को तोड़ने और बदनाम करने वाली ताकतों से सावधान रहें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि इस चुनाव में ऐसी ताकतें भी सक्रिय हैं, जो देश को तोड़ना चाहती हैं, बदनाम करना चाहती हैं, तुष्टिकरण की राजनीति करना चाहती हैं। कांग्रेस के सैम पित्रोदा कहते हैं कि व्यक्ति अगर इस रंग का है, तो वो फलां देश से आया है। उनके हिसाब से सब बाहर से आए हैं, भारत का कोई है ही नहीं। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी विरासत टैक्स की बात कर रही है। वो हमारे पुरखों की उस संपत्ति पर डाका डालना चाहती हैं, जिसे वो अपने नाती-पोतों के लिए छोड़कर जाते हैं। कांग्रेस अंग्रेजों की मानसिकता को भारत में ला रही है और कह रही है कि पुरखों की संपत्ति, दादी-नानी के गहनों में से सिर्फ 25 प्रतिशत आपका, बाकी सरकार का। क्या हमारी माता-बहनें अपने गहनों पर डाका डालने देंगी?

बिना संकोच हर घर में जाएं, हर बूथ पर कमल खिलाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि उत्साह और उमंग से भरे हुए ये कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत हैं। भाजपा आज सबसे बड़ा दल है, पंच-सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति पद पर भाजपा के कार्यकर्ता पदस्थ हैं, देश के कई राज्यों में हमारी सरकारें हैं, यह सब आपकी इच्छाशक्ति से ही संभव हुआ है। 

केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएं कार्यकर्ता 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के लिए पूरी मेहनत और ताकत से काम कर रहे हैं। 13 मई को मतदान के दिन ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने की जिम्मेदारी हर बूथ अध्यक्ष ,पन्ना प्रमुख से लेकर हर कार्यकर्ता की रहेगी। जिन बूथों पर विधानसभा चुनाव में हार मिली थी उन बूथों को कैसे जीता जाए उसके लिए हमें कड़ी मेहनत करनी है। घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां बताकर भाजपा को वोट देने की अपील करें।

Tags:    

Similar News