टिकट मिलते ही गंगा दर्शन के लिए ऋषिकेश पहुंचे शिवराज सिंह, संतों से लेंगे आशीर्वाद

भाजपा ने उन्हें बुधनी से टिकट दिया है। दो दिन बाद संतों का आशीर्वाद लेकर भोपाल लौटने पर अपने चुनाव प्रचार का शुभारंभ करेंगे।

Update: 2023-10-10 14:17 GMT

भोपाल।  मप्र में चुनाव के ऐलान के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह देवभूमि ऋषिकेश की यात्रा पर निकल गए है। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है इस यात्रा के दौरान वे संतों से आशीर्वाद लेंगे। यहां से लौटने पर वे प्रचार में जुटेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर इस यात्रा की जानकारी दी।  उन्होंने लिखा - "मां गंगा भारतीय संस्कृति का पुण्य प्रवाह; यही संस्कृति भौतिकता की अग्नि में दग्ध विश्व मानवता को शाश्वत शांति के पथ का दिग्दर्शन कराएगी।" 

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री आज सुबह जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पर उत्तराखंड के मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। वे स्वर्गाश्रम में स्थित परमार्थ निकेतन में स्वामी चिदानंद मुनि के आश्रम में समय बिता रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री गंगा आरती में शामिल होंगे एवं संतों से भेंट कर आशीर्वाद लेंगे।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वे हरबार चुनाव प्रचार आरंभ करने से पहले देवभूमि आ कर मां गंगा और साधु संतों का आशीर्वाद लेते हैं। इस बार भी वे अपनी और पार्टी की जीत के लिए आशीर्वाद लेने आए हैं।

भोपाल लौटकर चुनाव प्रचार में जुटेंगे - 

बता दें कि भाजपा ने उन्हें बुधनी से टिकट दिया है। वे साल 2005 से यहां से विधायक है। दो दिन बाद संतों का आशीर्वाद लेकर भोपाल लौटने पर अपने चुनाव प्रचार का शुभारंभ करेंगे।

Tags:    

Similar News