रामेश्वर शर्मा ने उठाई मप्र में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग

Update: 2021-07-13 14:49 GMT

भोपाल। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने मध्यप्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग उठाई है। इसके लिए उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक पत्र लिखा है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि मध्यप्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाकर जनसंख्या पर नियंत्रण करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा की बढ़ती जनसंख्या प्रदेश के विकास, सुशासन एवं सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। वर्ष 2011 की जनगणना के हिसाब से मप्र की जनसंख्या 7 करोड़ 25 लाख थी, जो 2021 में अनुमानित लगभग 8 करोड़ 75 लाख है अर्थात 10 साल में लगभग 1.5 करोड़ से अधिक जनसंख्या की बढ़ोतरी हुई है, जो कि पश्चिमी देशों से कहीं अधिक है। 

उन्होंने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कहा है कि आपने अपने कठोर परिश्रम से गांव-गरीब-किसान प्रदेश के आम नागरिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मप्र को बीमारू, पिछड़े राज्यों की श्रृंखला से निकालकर देश के अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल किया है। मप्र आपके नेतृत्व में प्रगति कर रहा है। आपसे अनुरोध है कि जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के परिपेक्ष्य में सार्थक निर्णय लिया जाना मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा, सुशासन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Tags:    

Similar News