नगर निगमों में जनता चुनेगी महापौर, पालिका में पार्षद करेंगे अध्यक्ष का चुनाव, राज्यपाल ने अध्यादेश को दी मंजूरी

Update: 2022-05-26 10:36 GMT

भोपाल। प्रदेश में पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों प्रणालियों से कराएंगे जाएंगे। जिसके तहत नगर निगम के महापौर को जनता सीधे चुनेगी, जबकि नगर पालिका और नगर परिषद में अध्यक्ष का चुनाव पार्षद करेंगे। राज्य सरकार द्वारा भेजे गए अध्यादेश को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी है।इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। 

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि नगर निगम महापौर के चुनाव सीधे होंगे। नगर पालिका और परिषद अध्यक्ष के चुनाव पार्षद द्वारा ही होंगे।अध्यादेश का  गजट नोटिफिकेशन करने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से की मुलाकात - 


सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री चौहान इसी सिलसिले में राज्यपाल पटेल से मिले। दोनों के बीच लगभग 15 मिनट मुलाकात हुई। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के अनुरोध के बाद आज ही राज्यपाल की अनुमति मिलते ही राजपत्र में अध्यादेश की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही अध्यादेश की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित करके महापौर का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाने की व्यवस्था प्रभावी कर दी जाएगी। 

कांग्रेस सरकार का पलटा फैसला - 

मप्र में नगरीय निकाय चुनाव प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं, इसको लेकर काफी दिनों से मंथन चल रहा था। पूर्ववर्ती कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के फैसले में परिवर्तन करते हुए पार्षदों की जगह सीधे जनता से महापौर और अध्यक्ष का चुनाव करने का निर्णय पहले लिया गया था। इसके लिए मध्यप्रदेश नगर पालिका विधि में संशोधन के लिए अध्यादेश का मसौदा राजभवन भी भेज दिया था, लेकिन इसमें बुधवार देर फिर संशोधन किया और नये मसौदे को राजभवन भेजा गया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद राज्यपाल द्वारा इस मसौदे को आज ही मंजूरी मिलने की संभावना है।

Tags:    

Similar News