Madhya Pradesh : कमलनाथ और नकुलनाथ को लेकर बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष "सबका स्वागत है"

भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में, मप्र से जाएंगे 1236 कार्यकर्ता

Update: 2024-02-16 15:00 GMT

लोकसभा में 400 पार के लिए नरेंद्र मोदी देंगे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र

भोपाल। भाजपा ने पूरी ताकत से लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी तारतम्य में भाजपा का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन 17 फरवरी से दिल्ली के भारत मंडपम में होने जा रहा है। इस दो दिवसीय अधिवेशन का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उद्घाटन करेंगे। 18 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे और लोकसभा चुनाव की रणनीति का ऐलान करने के साथ कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस कान्फें्रस में बताया कि अधिवेशन में मध्यप्रदेश से 1236 पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके साथ अधिवेशन मेंदेशभर से 15 हजार पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। अधिवेशन में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी अपना एजेंडा कार्यकर्ताओं के सामने रखेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अधिवेशन में कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में शामिल होने के लिए प्रदेश के सभी अपेक्षित कार्यकर्ता शनिवार सुबह तक दिल्ली पहुंच जाएंगे।

अधिवेशन में ये शामिल होंगे

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय परिषद सदस्य, लोकसभा और राज्यसभा के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, सभी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, लोकसभा क्लस्टर प्रभारी, लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, लोकसभा विस्तारक, प्रदेश के मीडिया संयोजक, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, निगम-मंडल एवं बोर्ड के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष शामिल होंगे।

केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा लोकसभा के टिकट

श्री शर्मा ने लोकसभा प्रत्याशियों के चयन को लेकर कहा कि केंद्रीय नेतृत्व टिकट तय करेगा। हर राज्य अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करते हैं। मध्य प्रदेश भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। लोकसभा चुनाव में मप्र में कौन-कहां से लड़ेगा यह केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा।

कमलनाथ को लेकर बोले - सबका स्वागत है

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुल नाथ के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के सवाल पर कहा कि कांग्रेस द्वारा राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम का विरोध किया गया। इस विरोध के चलते जिन कांग्रेसियों के मन में कोई पीड़ा है और वह भाजपा में शामिल होना चाहते हैं तो उनके लिए भाजपा के दरवाजे खुले हुए हैं। उनका स्वागत है।

Tags:    

Similar News