मप्र के 22 लाख युवा पहली बार मतदान कर 18 वर्ष के विकास का करेंगे धन्यवाद ज्ञापित

Update: 2023-11-16 11:32 GMT

- बीमारू राज्य मप्र के विकसित राज्य में तब्दील होने तक की यात्रा के रहे हैं ये साक्षी

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव-2023 के लिए मतदान की तैयारी जोरों पर है। इसके लिए बुधवार शाम से प्रचार का शोरगुल भी थम गया। प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए खास तौर पर 03 करोड़ से अधिक युवाओं का खासा योगदान रहेगा, लेकिन 22 लाख से अधिक ऐसे भी मतदाता होंगे जिन्होंने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्य की ओर क्रमशः बढ़ते देखा है। इन 18-19 वर्षों में विकसित हुए मध्य प्रदेश के ये ऐसे मतदाता होंगे, जिन्होंने स्वयं विकसित होते हुए प्रदेश की मूलभूत सुविधाओं को बदतर से बेहतर होते हुए देखा है। पहली बार मतदान करने वाले ये युवा मतदाता प्रदेश में हुए विकास कार्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अपने मत का उपयोग करेंगे।

इन कार्यों में देश में सबसे अग्रणी है प्रदेश 

17 नवंबर को पहली बार अपने मत का प्रयोग करने जा रही 19 वर्षीय दिव्या बहुत ही उत्साहित दिखी। उन्होंने कहा कि वह विकास के आधार पर मतदान करेंगी। दिव्या ने बताया कि मप्र को पिछड़ा और बीमारू राज्य कहा जाता था। विकास के आंकड़े बताते हुए उन्होंने बताया कि लालटेन युग को छोड़कर पिछले साढ़े 18 वर्षों की विकास यात्रा के बाद कई पायदानों पर देश के अन्य राज्यों की तुलना में प्रथम स्थान पर विकास के हाइवेज पर फर्राटे भर रहा है।

आंकड़ों की मानें तो देश के गेहूं निर्यात में 45 प्रतिशत की भागीदारी के साथ मध्य प्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है। अब तक 3.62 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित कर मध्य प्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर है। नेशनल क्वालिटी मॉनिटर्स की रिपोर्ट के आधार पर मध्य प्रदेश, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनाई गई सड़कों की गुणवत्ता की दृष्टि से देश में सबसे अग्रणी है।

एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड योजना के अंतर्गत 4 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक के प्रकरण स्वीकृत कर मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत लगभग 44 लाख हितग्रयों को करीब 1600 करोड़ रुपए के भुगतान के साथ मध्य प्रदेश, योजना के प्रारंभ से ही राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान पर है। 80 हजार से अधिक मछुआ क्रेडिट कार्ड जारी कर मध्य प्रदेश, देश में अग्रणी है। कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में गुड गवर्नेस इंडेक्स मे 10.652 स्कोर के साथ मध्य प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत बनाए गए आवासों की संख्या में मध्य प्रदेश, देश में दूसरे स्थान पर है।

लगातार छठवीं बार इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर

18 वर्षीय अनुज वंशकार के अनुसार इंदौर लगातार 6 बार देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में मध्य प्रदेश को स्वच्छता में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य चुना गया है। जल संसाधनों के प्रबंधन, संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए मध्य प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में वर्ष 2022 का राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्राप्त हुआ है। मध्य प्रदेश ने एक बार फिर टाइगर स्टेट बनकर बाघों की संख्या 526 से बढ़कर 785 की संख्या प्राप्त करने में सफलता पाई है। ऐसे और भी कई छोटे-बड़े तमाम विकास कार्य कार्य भाजपा की उपलब्धि है।

भ्रमित दिखे अक्षित

बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र अक्षित ने बताया कि वह भाजपा को वोट करना चाहते हैं। लेकिन यह नहीं बता सके कि आखिर क्यों ? उनका कहना था कि वह पॉलिटिक्स में नहीं घुसना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पहले वह खुद कुछ बनना चाहते हैं। बाद में देश या कुछ अन्य देखेंगे।

अब पहली बार मतदान करने वाले 22 लाख युवाओं की बारी

यूं तो प्रदेश में करीब 03 करोड़ से अधिक युवा मतदाता मतदान करने वाले हैं। ऐसा आंकड़े बताते हैं किन्तु 18-19 वर्ष के पहली बार मतदान करने वाले मतदाता 22 लाख 36 हजार 564 हैं, जो आने वाले 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव में पहली बार अपने मत का दान करेंगे। इनकी यह भी बड़ी जिम्मेदारी होगी कि प्रदेश को आखिर किस राजनैतिक दल ने विकास के पंख दिए हैं,उनके पक्ष में मतदान कर उन्हें अपना धन्यवाद ज्ञापित करें।

Similar News