भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह राज्य मंत्री रामदयाल अहिरवार का रविवार को निधन हो गया। छतरपुर के विश्वनाथ कॉलोनी स्थित अपने निवास पर 90 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थे। उनके दामाद अरविंद कुमार ने इसकी पुष्टि की है। रामदयाल अहिरवार महाराजपुर एवं चंदला क्षेत्र से भाजपा विधायक रहे थे। उनके निधन से पार्टी में शोक की लहर छा गई है।
उनका अंतिम संस्कार कल सोमवार को उनकी जन्मस्थली महाराजपुर में किया जाएगा। राजनीतिक जीवन में महाराजपुर विधानसभा के अलावा उन्होंने चंदला विधानसभा में भी जाकर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। रामदयाल ने राज्य परिवहन और गृह राज्य मंत्री के साथ ही जल संसाधन मंत्रालय का भी प्रभार संभाला। इसके बाद उनका अंतिम चुनाव महाराज नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के रूप में था। जिसमें उन्होंने जीत हासिल की थी।