MP News: बुधनी में खुलेगा कृषि मशीनरी प्रशिक्षण केंद्र, खेतों में ड्रोन चलाने का मिलेगा प्रशिक्षण...
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण और परीक्षण संस्थान खोला जाएगा।
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण और परीक्षण संस्थान खोला जाएगा। यह देश का पहला संस्थान होगा, जहां कृषि उपकरणों के संचालन के साथ-साथ परीक्षण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संस्थान में किसानों को खेती के अत्याधुनिक उपकरणों के अलावा ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। महिलाओं को भी तकनीक सिखाई जाएगी।
बुधनी में स्थापित होने वाले प्रशिक्षण संस्थान में पहले चरण में 20 सीटें उपलब्ध होंगी। इसके लिए आवेदक को कम से कम 10वीं पास होना आवश्यक है। आवेदन करने के लिए संबंधित विभाग या कार्यालय से संपर्क करना होगा। कृषि केंद्र से प्रशिक्षित किसान नई तकनीकों का प्रयोग कर अपनी आय को और बढ़ा सकते हैं।
साथ ही खेती के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकते हैं, क्योंकि आज के समय में किसानों के लिए ड्रोन खेती एक महत्वपूर्ण तकनीक बन चुकी है। जो फसलों की निगरानी, छिड़काव और फसल निरीक्षण में मददगार है। इससे न केवल लागत कम होगी, बल्कि फसल गुणवत्ता भी बेहतर होगी।