लखनऊ में सऊदी जा रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, केबिन प्रेशर में खराबी; 275 यात्री थे सवार

सऊदी अरब जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, विमान में 275 यात्री सवार थे

Update: 2026-01-30 10:00 GMT

लखनऊ। सऊदी अरब के जेद्दा जा रही सऊदिया अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी खराबी सामने आई। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 275 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

उड़ान के बाद सामने आई केबिन प्रेशर की समस्या

सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट नंबर SV-891 जैसे ही मुंबई के हवाई क्षेत्र के पास पहुंची, तभी विमान के केबिन प्रेशर सिस्टम में गड़बड़ी आ गई। इसके कारण कुछ यात्रियों को सांस लेने में तकलीफ महसूस होने लगी। स्थिति गंभीर होती देख पायलट ने तुरंत मुंबई एयरपोर्ट से संपर्क कर लैंडिंग की अनुमति मांगी।हालांकि, किसी कारणवश मुंबई एयरपोर्ट से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया, जहां से इमरजेंसी लैंडिंग की मंजूरी दे दी गई।

82 मिनट में सुरक्षित वापसी

अनुमति मिलते ही विमान ने यू-टर्न लिया और करीब 82 मिनट के भीतर सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड कर गया। विमान में कुल 275 यात्री, 4 पायलट और 6 क्रू मेंबर सवार थे। फिलहाल सभी यात्री विमान के भीतर ही मौजूद हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट अपने तय समय 12:05 बजे के बजाय 12:23 बजे लखनऊ से रवाना हुई थी। दोपहर करीब 1:45 बजे विमान को बीच रास्ते से वापस लौटने का फैसला लिया गया। इस समय विमान एयरपोर्ट पर खड़ा है और तकनीकी टीम खराबी को दूर करने में जुटी हुई है। एयरपोर्ट सूत्रों का कहना है कि जब तक तकनीकी जांच पूरी नहीं हो जाती, यात्रियों को विमान से बाहर नहीं उतारा जाएगा, ताकि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जा सके।

क्या होता है केबिन प्रेशर?

विमान में केबिन प्रेशर एक तरह का आर्टिफिशियल एयर प्रेशर होता है। जब विमान 30 से 40 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ता है, तब बाहर की हवा में ऑक्सीजन काफी कम होती है। ऐसे में केबिन के अंदर 6,000 से 8,000 फीट की ऊंचाई के बराबर दबाव बनाए रखा जाता है, ताकि यात्रियों को सांस लेने में कोई परेशानी न हो। इसी सिस्टम में गड़बड़ी आने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।

इसी एयरलाइंस के विमान में पहले भी आ चुकी है खराबी

गौरतलब है कि 15 जुलाई 2025 को भी सऊदिया अरबिया एयरलाइंस की एक फ्लाइट में लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी सामने आई थी। उस समय विमान के पहियों के पास से चिंगारी और धुआं निकलने लगा था। फ्लाइट में 242 हज यात्री सवार थे। पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया था।  

Tags:    

Similar News