SwadeshSwadesh

अंतरराष्ट्रीय सीमा : भारत-म्यांमार क्षेत्र से आठ रायफल बरामद

Update: 2018-08-18 09:29 GMT

आइजल (मिजोरम)। भारत-म्यांमार अंतरराष्ट्रीय सीमाई इलाके से असम रायफल एवं कस्टम विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए आठ विदेशी रायफल बरामद की हैं। हालांकि इस संबंध में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। असम रायफल के सूत्रों ने शनिवार को इसका खुलासा किया।

सूत्रों ने बताया है कि गुप्त सूचना के आधार पर असम रायफल और कस्टम विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए मिजोरम के चामफाई जिलेके जोख्वाथार इलाके के भारत-म्यांमार सीमा के नजदीक स्थित फ्रेंडशिप ब्रिज के पास से शुक्रवार की देर रात को आठ विदेशी रायफल बरामद की गईं।

बरामद रायफलों में दो यूएस निर्मित 5.56 एमएम की एम-16 रायफल, दो जर्मन निर्मित 7.62 एमएम की जी-3 रायफल और चार म्यांमार निर्मित 5.56 एमएम की एमए-3 असाल्ट रायफल शामिल हैं। असम रायफल ने जब्त रायफल को मिजोरम पुलिस को कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया।

पुलिस ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है। सूत्रों ने बताया है कि दो संदिग्ध हथियार तस्कर भारत में रायफल को लेकर पहुंचे थे। लेकिन सुरक्षा बलों को देखकर अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बने फ्रेंडशिप ब्रिज के पास छोड़कर फरार हो गए। 

Similar News