देश में मौसम का यू टर्न:कश्मीर में भारी बर्फबारी, राजस्थान में आंधी-बारिश, MP के 28 जिलों में अलर्ट

Update: 2026-01-27 04:51 GMT

उत्तर-पश्चिम भारत में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है. मंगलवार से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है. राजस्थान की राजधानी जयपुर में सुबह धूल भरी आंधी चली और इसके बाद हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई.उधर पहाड़ी राज्यों में हालात और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हैं. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है. श्रीनगर एयरपोर्ट से आज आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं.

मध्य प्रदेश में 28 जिलों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर समेत 28 जिलों में आज और कल बारिश की चेतावनी जारी की है.बारिश के चलते कई इलाकों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है और रात का पारा 10 डिग्री से नीचे जाने की आशंका है. इससे ठंड एक बार फिर तेज हो सकती है.

यूपी में ओले गिरने की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर से लेकर बुंदेलखंड के जिलों तक मौसम बिगड़ सकता है. इसके अलावा राज्य के करीब 50 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है.

राजस्थान में जयपुर से लेकर 10 जिलों तक असर

राजस्थान में तीन दिन की कड़ाके की सर्दी के बाद अब बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने जयपुर सहित 10 जिलों में दो दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जयपुर में सुबह धूलभरी हवा के बाद रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही. राज्य में 28 और 29 जनवरी को घना कोहरा और सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बिगड़े हालात

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से कई नेशनल हाईवे पर बर्फ जम गई है. इससे सैकड़ों पर्यटक अलग-अलग इलाकों में फंसे हुए हैं. मौसम विभाग ने कुल्लू, किन्नौर, चंबा, लाहौल-स्पीति और शिमला में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. मनाली और बंजार में सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.जम्मू-कश्मीर में भी सुबह से बर्फबारी जारी है. श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गुलमर्ग घाटी में सोमवार को न्यूनतम तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अन्य राज्यों का मौसम हाल

दिल्ली

सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2°C और आयानगर में 3.6°C दर्ज किया गया. AQI 241 के साथ हवा खराब श्रेणी में है. मंगलवार को हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी है.

पंजाब और हरियाणा

दोनों राज्यों में ठंड से राहत नहीं है. हिसार, बठिंडा और चंडीगढ़ में तापमान 2 से 6 डिग्री के बीच रहा. अगले दो दिन पारा थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन ठंड बनी रहेगी.

उत्तराखंड

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है. मंगलवार तक कोहरे और बर्फबारी की चेतावनी है.

बिहार

पूर्वी और पश्चिमी चंपारण समेत पांच जिलों में बारिश की संभावना है. बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. भागलपुर और बेगूसराय में सुबह घना कोहरा देखने को मिला.मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. अब निगाहें इस बात पर हैं कि अगले 48 घंटों में यह सिस्टम कितना असर दिखाता है.

Similar News