Ahmedabad Plane Crash: पीएम मोदी बोले - यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना

Update: 2025-06-12 10:46 GMT

PM Modi

Ahmedabad Plane Crash : गुजरात। अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है। उन्होंने इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि, यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गई थी।

पीएम मोदी ने कहा, "अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएँ इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूँ जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।"

एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गई थी। जहां हादसा हुआ वह एक रिहायशी इलाका था। डॉक्टर्स के हॉस्टल के ऊपर यह फ्लाइट क्रैश हुई है। कई डॉक्टर्स के घायल होने की खबर भी सामने आई है। फ्लाइट के मलबे से कुछ लोगों को बाहर निकाला गया है लेकिन उनकी हालत बेहद नाजुक है। वे पूरी तरह जल चुके हैं।

बताया जा रहा है कि, यह फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए 13:38 बजे रवाना हुई थी। बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। बताया जा रहा है कि, इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं। 53 ब्रिटिश नागरिक हैं। 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। फ्लाइट में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। विमान में 232 यात्रियों में 230 वयस्क और 2 शिशु थे। चालक दल 10 और दो पायलट समेत कुल 242 लोग थे।

पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। उन्होंने उनसे अहमदाबाद जाकर हर संभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सूत्र के अनुसार विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के महानिदेशक, टीम के साथ जांच के लिए अहमदाबाद रवाना हुए हैं। इस घटना के बाद एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

फिलहाल सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एसवीपीआईए), अहमदाबाद, चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है।

Tags:    

Similar News