विधायक के भाई के जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग: आरोपी गिरफ्तार; कांग्रेस ने देर रात तक थाने में किया हंगामा
Harsh firing
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के छोटे भाई यश घनघोरिया के जन्मदिन समारोह में हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। गुरुवार, 17 अप्रैल 2025 की रात आयोजित इस पार्टी में एक युवक, अस्सू खान, ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से मंच पर खड़े होकर 6-7 राउंड हवाई फायरिंग की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्सू खान को गिरफ्तार कर लिया और उसकी पिस्टल जब्त कर ली।
पुलिस थाने में हंगामा
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सख्त निर्देश जारी किए। कोतवाली थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने अपनी टीम के साथ अस्सू खान को हिरासत में लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि आरोपी ने 5-6 बार हवाई फायरिंग की थी और उसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की। साथ ही, अस्सू के शस्त्र लाइसेंस को रद्द करने की सिफारिश जिला कलेक्टर को भेजी जाएगी।
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही शुक्रवार देर रात 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने पर हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा सहित कई कार्यकर्ता थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। प्रदर्शन रात 3 बजे तक चला।
कांग्रेस का आरोप पक्षपातपूर्ण कार्रवाई
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया। सौरभ शर्मा ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ताओं की हर्ष फायरिंग पर पुलिस कभी इतनी सख्ती नहीं दिखाती। अगर किसी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उत्साह में फायरिंग की, तो उचित धाराओं में कार्रवाई हो, न कि भाजपा सरकार के दबाव में फर्जी धाराएं जोड़कर कार्यकर्ता को फंसाया जाए।” उन्होंने यह भी दावा किया कि इस कार्रवाई से शहर में अराजकता का माहौल बन गया है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सांप्रदायिक आधार पर निशाना बनाया जा रहा है।
क्या था पूरा मामला ?
17 अप्रैल को यश घनघोरिया के जन्मदिन पर उनके निवास पर सैकड़ों समर्थक जुटे। केक काटने के बाद मंच पर अस्सू खान ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से लगातार 6-7 राउंड हवाई फायरिंग की। इस दौरान आसपास के लोग हैरान रह गए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई कानून के दायरे में की गई है। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि शस्त्र लाइसेंस नियमों के उल्लंघन के आधार पर जिला कलेक्टर को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इस घटना ने जबलपुर में राजनीतिक तनाव को बढ़ा दिया है, और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया है।