SwadeshSwadesh

स्मृति ईरानी बर्थडे स्पेशल : टीवी अभिनेत्री से कद्दावर नेत्री बनने का सफर

एकता कपूर ने दी बधाई

Update: 2022-03-23 12:51 GMT

नईदिल्ली। मोदी सरकार में कद्दावर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और जानी मानी अदाकारा स्मृति ईरानी का आज जन्मदिन है। स्मृति ईरानी पंजाबी परिवार से संबंध रखती हैं, लेकिन उनकी शादी एक ईरानी परिवार में हुई है। उनके पिता एक छोटी सी कुरियर कंपनी चलाते थे। स्मृति के माता-पिता ने सपने में कभी नहीं सोचा था कि उनकी साधारण और शर्मीली सी दिखने वाली लड़की एक दिन अदाकारी की दुनिया के साथ-साथ सियासत का भी बड़ा नाम बनेंगी।

23 मार्च, 1976 को दिल्ली में जन्मी स्मृति ईरानी ने मॉडलिंग और टेलीविजन की दुनिया में नाम कमाने के सपने देखती थी। उन्होंने साल 1998 में फेमिना मिस इंडिया सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। हालांकि इस प्रतियोगिता में वह फाइनल में जगह बनाने में भले ही कामयाब रही लेकिन विजेता नहीं बन पाई। इसके बाद  साल 2000 में 'हम है कल आज कल और कल' से टेलीवीजन सीरियल की दुनिया में कदम रखा। 

तुलसी ने दिलाई पहचान - 

स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले एकता कपूर के लोकप्रिय सीरियल क्योंकि सास भी कभी बहू थी में तुलसी के किरदार ने उन्हें घर घर में पहचान दिलाई। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में मुख्य भूमिका निभा कर इस शो से खूब वाहवाही लूटी। इस धारावाहिक ने उन्हें कामयाबी की बुलंदियों पर पहुंचा दिया। उन्हें पांच इंडियन टेलीविजन एकेडमी अवॉर्ड्स, चार इंडियन टेली अवॉर्ड्स और 8 स्टार परिवार अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया। 

राजनीति में एंट्री - 

एक्टिंग की चुनौती में पास होने के बाद स्मृति ने राजनीति में किस्मत आजमाने की सोची। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अमेठी से टक्कर दी थी लेकिन हार गईं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें मंत्री बनाया था।

राहुल गांधी को हराया - 

वर्ष  2019 के चुनाव में उन्होंने राहुल गांधी को शिकस्त दी। इस समय भारत सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री हैं। इससे पहले के भाजपा के कार्यकाल में वह मानव संसाधन विकास मंत्री, सूचना-प्रसारण और टेक्सटाइल मंत्री रही हैं। स्मृति आज महिला सशक्तिकरण का सबसे बडा उदाहरण हैं और हजारों महिलाएं उनसे प्रेरित होती हैं।

एकता कपूर ने दी बधाई - 

स्मृति के जन्मदिन के मौके पर टीवी क्वीन एकता कपूर ने इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में एकता अपने बेटे से कहती हैं, 'मासी को विश करो हैप्पी बर्थडे। चलिए अब उनके लिए पोस्ट लिखते हैं।' वीडियो के साथ एकता कपूर ने लिखा, 'हैप्पी बर्थडे स्मृति ईरानी मासी! हम आपके लिए लव लेटर पोस्ट करना चाहते हैं। क्योंकि आप सबसे अच्छी हैं।'

Tags:    

Similar News