Rajnath Singh: ट्रंप के टैरिफ पर राजनाथ सिंह का पलटवार, बोले - भारत मजबूत और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, कुछ देशों को नहीं भाता हमारा विकास

राजनाथ सिंह ने ट्रंप पर कसा तंज बोले कुछ देश भारत की तेज आर्थिक तरक्की से जलते है, विकास रोकने की कोशिश में लगे है

Update: 2025-08-10 11:16 GMT

Rajnath Singh: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के उमरिया गांव में एक कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिना नाम लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ देश भारत की तेज आर्थिक तरक्की से जलते हैं और हमारी प्रगति को रोकने के प्रयास में लगे है।

हाल ही में अमेरिका ने भारत से होने वाले आयात पर 50% टैरिफ (25% शुल्क और 25% पेनल्टी) लगाया है। इसका कारण भारत द्वारा रूस से तेल खरीदना बताया गया। ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को "डेड" कहकर आगे और शुल्क बढ़ाने की धमकी भी दी थी।

राजनाथ सिंह ने कहा, “कुछ लोग ‘सबके बॉस हम है’ की सोच रखते है और यह देख नहीं पा रहे कि भारत इतनी तेजी से कैसे बढ़ रहा है। वे चाहते हैं कि भारत में बने उत्पाद महंगे हो जाएं, ताकि दुनिया उन्हें खरीदना बंद कर दे। लेकिन अब कोई ताकत भारत को एक बड़ी वैश्विक शक्ति बनने से नहीं रोक सकती।”

रक्षा क्षेत्र पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि भारत 24,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के रक्षा उत्पाद निर्यात कर रहा है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि टैरिफ विवाद का इस क्षेत्र की प्रगति पर कोई असर नहीं हुआ है।

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने एक धार्मिक प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अपने दुश्मनों से धर्म नहीं, बल्कि कर्म देखकर निपटता है। साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश की विकास गति की तारीफ की और कहा कि आने वाले समय में यह राज्य ‘मॉडर्न प्रदेश’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने रेल कोच फैक्ट्री ‘ब्रह्मा’ का शिलान्यास करते हुए विश्वास जताया कि यह इकाई अपने नाम के अनुरूप नई ऊंचाइयों को छुएगी।

Tags:    

Similar News