SwadeshSwadesh

मुंबई पुलिस को 1 लाख सैनिटाइजर देने पर महाराष्ट्र के सीएम ने सलमान खान का जताया आभार

Update: 2020-05-31 13:20 GMT

मुंबई। सुपरस्टार सलमान खान ने मुंबई पुलिस को एक लाख हैंड सैनिटाइजर दान किए हैं। कोरोना से लड़ने वाले फ्रंटलाइन योद्धा के तौर पर पुलिस वाले प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों को पूरा कर रहे हैं। इन मुश्किल घड़ी में पुलिसकर्मी कई मोर्चे पर डटे हुए हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोशल मीडिया पर सलमान खान के इस कार्य की सराहना की है। सलमान खान फिल्म इंडस्ट्री में अपनी दरियादिली के लिए मशहूर हैं। उद्धव ठाकरे ने ट्विटर पर लिखा-'मुंबई पुलिस को 1 लाख हैंड सैनिटाइजर दान करने के लिए धन्यवाद सलमान खान।'

उद्धव ठाकरे के ट्वीट पर सलमान खान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सीएम के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा-'धन्यवाद।' लोग सलमान खान के इस नेक काम की सराहना कर रहे हैं। हाल में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया था कि उन्होंने फ्रेश नाम का एक हैंड सैनिटाइजर बनवाया है, जो कोरोना से लड़ाई में सबसे जरूरी है। सलमान खान लॉकडाउन में हजारों दिहाड़ी मजदूरों को रोजाना खाना खिला रहे हैं। वहीं सलमान ने लॉकडाउन के बीच अपने यूट्यूब चैनल पर दो गाने 'प्यार करो ना' और 'तेरे बिना' लॉन्च किए थे। इन दोनों गाने को फैंस ने खूब पसन्द किया था और दोनों गाने को उन्होंने अपने फार्महाउस पर शूट किया था।

54 वर्षीय अभिनेता ने हाल में सोशल मीडिया का प्रोफाइल पिक्चर महाराष्ट्र पुलिस को समर्पित किया है और उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस का लोगो अपनी ट्विटर अकाउंट पर लगाई है। अभिनेता सलमान खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने कुछ दिन पहले लोगों से डॉक्टरों, नर्सों, पुलिसकर्मियों और बैंकों में काम करने वालों का सम्मान करने का आग्रह किया था। सलमान ने एक वीडियो शेयर कर चंद जोकरों पर अपना गुस्सा निकाला था, जो सरकार द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहे थे। सलमान खान फिल्म 'राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई' में जल्द नजर आएंगे। 

Tags:    

Similar News