SwadeshSwadesh

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अदिति के गोल्फ में प्रदर्शन को सराहा

Update: 2021-08-07 07:00 GMT

नईदिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने शनिवार को गोल्फर अदिति अशोक की मौजूदा टोक्यो ओलंपिक में उत्साही प्रदर्शन करने के लिए सराहना की।अदिति अशोक टोक्यो ओलंपिक में महिला व्यक्तिगत स्ट्रोक खेल में चौथा स्थान हासिल करने के बाद ओलंपिक पदक से चूक गईं।

राष्ट्रपति ने ट्वीट किया,"अच्छा खेला, अदिति अशोक! भारत की एक और बेटी ने बनाई पहचान! आज के ऐतिहासिक प्रदर्शन से आपने भारतीय गोल्फ को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आपने बेहद शांत और शिष्टता के साथ खेला है। धैर्य और कौशल के प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए बधाई।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह मामूली अंतर से भले ही टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने से चूक गईं हों लेकिन किसी भी भारतीय से कहीं ज्यादा आगे निकल गईं।प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया,"आपने अच्छा खेला अदिति अशोक, आपने टोक्यो ओलंपिक के दौरान जबरदस्त कौशल और संकल्प दिखाया है। आप बहुत कम अंतर से पदक जीतने से चूक गईं लेकिन आप किसी भी भारतीय से कहीं आगे निकल गई हैं, आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"

बता दें कि अदिति शुरुआत से ही लगातार दूसरे और तीसरे स्थान पर बनी रहीं, जिसे देखकर उनसे पदक की उम्मीदें बढ़ गई थीं। हालांकि अंतिम समय आते-आते वो संयुक्त रूप से तीसरे और फिर चौथे स्थान पर खिसक गईं।अदिति अशोक ने अपने आखिरी शॉट में बर्डी हासिल करने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रहीं। केवल एक स्ट्रोक ने उनसे ऐतिहासिक पदक छीन लिया।

Tags:    

Similar News