SwadeshSwadesh

जोधपुर में किया जाएगा जसवंत सिंह का अंतिम संस्कार

Update: 2020-09-27 09:59 GMT

नई दिल्ली। पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह का राजस्थान के जोधपुर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसवंत सिंह का पार्थिव शरीर दिल्ली से विशेष विमान से जोधपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। उनका पार्थिव शरीर उनके फार्म हाउस पर ले जाया जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने निष्ठापूर्वक भारत की सेवा की और उन्हें राजनीति तथा समाज से संबंधित मामलों में उनके अद्वितीय दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक जसवंत सिंह का रविवार सुबह छह बजकर 55 मिनट पर दिल्ली के सेना अस्पताल में निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे और पिछले छह साल से कोमा में थे। सिंह के निधन की खबर आने बाद उनके उनके गृह जिले बाड़मेर सहित कर्मस्थली जैसलमेर ,जोधपुर ,जालोर एवं पाली जिले में शोक की लहर छा गई। वह बाड़मेर जिले के पूर्व जसोल राजपरिवार से थे। आदर्श राजनीतिज्ञ रूप में विश्व्यापी छवि के साथ उनका अपने मालाणी क्षेत्र और लोगों से विशेष जुड़ाव था । उनके निधन से क्षेत्र के सिंधी मुस्लिम समुदाय जो उन्हें अपना रहनुमा मानते थे, उनके निधन से बहुत दुखी हुए। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर हैं। बड़ी संख्या में उनके समर्थक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उनके निधन से उनके पैतृक गांव जसोल में सन्नाटा पसरा हैं।

सैन्य अस्पताल ने एक बयान जारी कर कहा कि बड़े दुख के साथ सूचित किया जा रहा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का आज सुबह 6.55 बजे निधन हो गया। उन्हें 25 जून को भर्ती कराया गया था। आज सुबह दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ। बयान में कहा गया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उन्हें बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पूर्व सैन्य अधिकारी सिंह अगस्त 2014 में अपने घर में गिरने के बाद से बीमार थे। उन्हें सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस साल जून में उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

Tags:    

Similar News