एक और नक्सल दंपति का सरेंडर: DSZ कमेटी के थे सदस्य, इस महीने 59 नक्सलियों ने चुनी मुख्यधारा की राह
Chhattisgarh Naxalite surrender
Chhattisgarh Naxalite surrender : जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार नक्सली संगठन कमजोर होता जा रहा है। एक तरफ जवानों द्वारा लगातार एंटी नक्सल ऑपरेशन के चलते मुठभेड़ में बड़े नक्सली नेताओं को ढेर किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ कई नक्सली सपत्नी और ग्रुप संगठन छोड़ मुख्यधारा में लौट रहे हैं। इसी कड़ी में अब एक और नक्सल दंपती ने सरेंडर किया है। बताया जा रहा है कि, नक्सली दंपती दंडकारण्य स्पेशल जोनल (DSZ) कमेटी के सदस्य थे। इसी के साथ इस महीने 59 नक्सलियों ने मुख्यधारा की राह चुनी है।
समर्पण करने वाले नक्सल दंपती की पहचान माला संजीव ऊर्म लेंगू दादा और उसकी पत्नी दीना के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, माला संजीव उर्फ लेंगू दादा बीते 45 सालों से नक्सल संगठन से जुड़ा था।
बताया जा रहा है कि, लेंगू दादा नक्सलियों के चेतना नाट्य मंडली का भी एक प्रमुख सदस्य था, जो संगठन की विचारधारा को गांव-गांव में प्रचारित करने का काम करता था। सिर्फ इतना ही नहीं, वह दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का भी सक्रिय सदस्य था, जो नक्सल संगठन की रणनीतिक इकाई मानी जाती है।
वहीं लेंगू की पत्नी दीना भी लंबे समय तक दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी में शामिल रही। दोनों ने वर्षों तक छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तेलंगाना के जंगलों में संगठन के लिए काम किया। पुलिस के मुताबिक, समर्पण के बाद दोनों नक्सलियों को पुनर्वास योजना के तहत मदद दी जाएगी।
बता दें कि, इससे पहले बीते 16 जुलाई को नक्सल संगठन के दो वरिष्ठ नक्सली, लच्छन्ना और उनकी पत्नी अनितक्का, ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने बताया कि, दोनों नक्सलियों की लंबी आपराधिक हिस्ट्री रही है और अब पुलिस उनके अतीत को खंगाल रही है ताकि नक्सल संगठन की गतिविधियों और संरचना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की जा सके।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिये
गौरतलब है कि, इस महीने कई नक्सलियों ने एक साथ हथियार छोड़कर, मुख्यधारा से जुड़ने का फैसला किया है, जिसका आंकड़ा अब 59 तक पहुंच गया है। बीते 12 जुलाई को 1 करोड़ 18 लाख के 23 इनामी नक्सलियों ने सरेंडर किया है। पुलिस ने बताया कि, आत्मसमर्पण करने वालों में 8 हार्डकोर नक्सली पीएलजीए बटालियन से जुड़े थे, जबकि अन्य अलग-अलग संगठनों में सक्रिय थे। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 1 डीव्हीसीएम, 6 पीपीसीएम, 4 एसीएम और 12 पार्टी सदस्य भी शामिल हैं। कुल 23 नक्सलियों में 9 महिला और 14 पुरुष हैं, जिनमें 3 नक्सली दंपत्ति भी शामिल हैं।
इसके साथ ही नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बीते दिन 8 जुलाई को 8 लाख रुपये के इनामी नक्सली चंद्रन्ना समेत 12 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें चार महिला नक्सली भी शामिल हैं।
इसके अलावा वहीं बीते 11 जुलाई को पुनर्वास की नीति से प्रभावित होकर आठ महिलाओं समेत 22 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, ये सभी अबूझमाड़ क्षेत्र में सक्रिय थे। इसके साथ ही कई IED हमलों में भी शामिल रहे हैं।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिये