Manoj Kumar Last Rites: अभिनेता मनोज कुमार पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
Manoj Kumar Last Rites
Manoj Kumar Last Rites : महाराष्ट्र। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। उनको मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। बता दें कि, भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का 4 अप्रैल को सुबह करीब 3:30 बजे निधन हुआ था। एक्टर मनोज कुमार के अंतिम संस्कार में अमिताभ बच्चन, प्रेम चोपड़ा और राजपाल यादव समेत कई कलाकार उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
अंतिम दर्शन के लिए मनोज कुमार का शव उनके निवास स्थान पर रखा गया। दिवंगत अभिनेता के अंतिम दर्शन के लिए, धर्मेंद्र, प्रेम चोपड़ा, पूनम ढिल्लों समेत कई सितारे उनके घर पहुंचे। वहीं, सोशल मीडिया के जरिए शाहरुख खान समेत बॉलीवुड के कई सितारों ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
किसने क्या कहा
अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने कहा, हम शुरुआत से ही साथ थे। यह एक शानदार सफर रहा। उनके साथ काम करके हर किसी को फायदा हुआ। मुझे भी उनसे बहुत कुछ मिला। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त थे, बल्कि कह सकता हूं कि वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक थे।
संगीतकार-गायक अनु मलिक ने कहा, जो भी फिल्में उन्होंने बनाई हैं, वह समाज और देश के भले के लिए बनाई हैं। ऐसे लोग बार-बार इस दुनिया में नहीं आते। हमें मनोज कुमार साहब की फिल्मों, उनके गानों और उनके निर्देशन से प्रेरणा लेनी चाहिए... मैं बहुत भावुक हूं, जैसे हर कोई है, पूरा देश बहुत दुखी है कि एक कलाकार हमसे दूर चला गया जो कभी इस दुनिया में वापस नहीं आएगा।
अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार के निधन पर अभिनेता राजपाल यादव ने कहा, वह भारत के विश्व कला रत्न हैं। वह भारत रत्न हैं। मैं उन्हें सलाम करता हूं। वह हमारे बॉलीवुड के रत्न हैं और हमेशा रत्न बने रहेंगे।
अभिनेता विंदू दारा सिंह ने कहा, हम सभी यहां आए हैं। उनका परिवार हमारे बहुत करीब है। वह चले गए हैं, लेकिन वह हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगे... वह एक महान व्यक्ति थे। हमने अपना जीवन उनके साथ बिताया है और हमें उनसे बहुत प्यार मिला है।