पेन कार्ड लीक होने पर साइबर ठग आपके नाम पर फर्जी लोन ले सकते हैं। जानिए कैसे बचें, CIBIL खराब होने पर क्या करें और किन गलतियों से बचना जरूरी है।
आज के डिजिटल दौर में पैन कार्ड सिर्फ टैक्स भरने का दस्तावेज नहीं रह गया है। बैंक अकाउंट खोलने, निवेश करने, लोन लेने और KYC जैसे लगभग हर जरूरी काम में इसकी जरूरत पड़ती है। लेकिन यही PAN Card अब साइबर ठगों का बड़ा हथियार बनता जा रहा है।
हाल के दिनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां लोगों के PAN नंबर का गलत इस्तेमाल कर उनके नाम पर फर्जी लोन ले लिए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित व्यक्ति को लंबे समय तक इस फ्रॉड की भनक तक नहीं लगती और बाद में उसका CIBIL स्कोर खराब हो जाता है।
साइबर ठग कैसे करते हैं PAN Card का गलत इस्तेमाल?
साइबर अपराधी डेटा लीक, फर्जी वेबसाइट और असुरक्षित मोबाइल ऐप्स के जरिए लोगों की निजी जानकारी हासिल करते हैं। कई बार लोग बिना जांचे-परखे किसी ऐप या वेबसाइट पर PAN Card की फोटो अपलोड कर देते हैं, जिससे उनका डेटा लीक हो जाता है।
इसके बाद ठग उसी PAN नंबर का इस्तेमाल करके इंस्टेंट लोन ऐप्स या फाइनेंस कंपनियों से ऑनलाइन लोन ले लेते हैं। पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने की वजह से असली मालिक को तुरंत कोई अलर्ट नहीं मिलता।
बैंक फ्रॉड की तरह तुरंत क्यों नहीं चलता पता?
बैंकिंग फ्रॉड में खाते से पैसे कटते ही SMS या नोटिफिकेशन आ जाता है। लेकिन PAN Card Fraud में ऐसा नहीं होता। यहां ठग आपके नाम पर लोन लेते हैं और EMI नहीं भरते।
जब लगातार डिफॉल्ट होता है, तब जाकर आपकी क्रेडिट रिपोर्ट और CIBIL स्कोर पर असर दिखता है। कई लोगों को तब पता चलता है जब वे खुद किसी बैंक से लोन लेने जाते हैं और उनका आवेदन रिजेक्ट हो जाता है।
अगर आपके नाम पर फर्जी लोन हो जाए तो क्या करें?
अगर आपको शक है कि आपके PAN Card का गलत इस्तेमाल हुआ है, तो तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है।
तुरंत उठाएं ये कदम
संबंधित बैंक या NBFC में लिखित शिकायत दर्ज करें
अपनी CIBIL रिपोर्ट चेक करें
फर्जी एंट्री पर “Dispute” दर्ज कराएं
नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें
साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें
समय पर शिकायत करने से आप कानूनी और वित्तीय नुकसान से काफी हद तक बच सकते हैं।
PAN Card सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये जरूरी टिप्स
विशेषज्ञों का कहना है कि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। छोटी लापरवाही भी बड़े वित्तीय संकट में बदल सकती है। इससे बचने के लिए
इन बातों का खास ध्यान रखें।
हर महीने अपनी क्रेडिट रिपोर्ट जरूर चेक करें।
अनजान ऐप्स पर PAN Card अपलोड न करें।
PAN की फोटोकॉपी पर उद्देश्य जरूर लिखें।
“Only for KYC at XYZ Bank” लिखकर साइन करें।
सोशल मीडिया या WhatsApp पर PAN साझा करने से बचें।
आम लोगों पर क्या पड़ सकता है असर?
पेन कार्ड फ्रॉड सिर्फ वित्तीय नुकसान तक सीमित नहीं है। इससे आपका CIBIL स्कोर खराब हो सकता है, भविष्य में लोन मिलने में दिक्कत आ सकती है और कानूनी परेशानियां भी बढ़ सकती हैं। डिजिटल इंडिया के दौर में ऑनलाइन सुरक्षा अब सिर्फ विकल्प नहीं, बल्कि जरूरी जिम्मेदारी बन चुकी है।