motor-insurance

ट्रैफिक चालान से महंगा हो सकता है बीमा, बिना इंश्योरेंस नहीं मिलेगा पेट्रोल?

देश में वाहन चलाने वालों के लिए मोटर इंश्योरेंस से जुड़े कुछ बड़े बदलावों पर विचार किया जा रहा है

By : मांडवी मिश्रा
ट्रैफिक चालान से महंगा हो सकता है बीमा, बिना इंश्योरेंस नहीं मिलेगा पेट्रोल?

ट्रैफिक चालान से महंगा हो सकता है बीमा, बिना इंश्योरेंस नहीं मिलेगा पेट्रोल?

अगर आप कार या बाइक चलाते हैं, तो मोटर इंश्योरेंस से जुड़ी यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आने वाले समय में गाड़ी का बीमा कराना पहले के मुकाबले महंगा हो सकता है। इसकी वजह सिर्फ इंश्योरेंस कंपनियों की पॉलिसी नहीं, बल्कि आपके वाहन पर कटने वाले ट्रैफिक चालान भी बन सकते हैं। दरअसल, केंद्र सरकार के स्तर पर मोटर इंश्योरेंस व्यवस्था में कुछ बड़े बदलावों पर विचार किया जा रहा है।

इन प्रस्तावों में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के इंश्योरेंस प्रीमियम में बढ़ोतरी से लेकर बिना बीमा वाले वाहनों को पेट्रोल-डीजल नहीं देने जैसी व्यवस्था शामिल है। हालांकि, अभी इन्हें अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।

ट्रैफिक चालान से बढ़ सकता है इंश्योरेंस प्रीमियम

प्रस्तावित व्यवस्था के मुताबिक, वाहन मालिकों के पिछले एक साल के ट्रैफिक रिकॉर्ड को इंश्योरेंस प्रीमियम तय करने का आधार बनाया जा सकता है। यानी अगर किसी वाहन पर लगातार ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के चालान कटते हैं, तो बीमा रिन्यू कराते समय उसका प्रीमियम बढ़ सकता है।

इसका मकसद वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करना है। हालांकि, किन अपराधों को इस व्यवस्था में शामिल किया जाएगा और कितने चालान होने पर प्रीमियम बढ़ेगा, इस बारे में अभी कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।

बिना इंश्योरेंस नहीं मिलेगा पेट्रोल?

मोटर इंश्योरेंस से जुड़ा दूसरा बड़ा प्रस्ताव ‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’ व्यवस्था है। इसके तहत जिन वाहनों का वैध इंश्योरेंस नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल पंप पर ईंधन देने से रोका जा सकता है।

इस व्यवस्था को परखने के लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट की योजना सामने आई है। इसके तहत दोनों राज्यों के पांच-पांच पेट्रोल पंपों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन यानी ANPR कैमरों की मदद से वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन की जा सकती है। इसके बाद वाहन के इंश्योरेंस की वैधता की जांच होगी।

ध्यान देने वाली बात यह है कि यह व्यवस्था अभी प्रस्ताव के स्तर पर है। इसे पूरे देश में लागू करने की तारीख घोषित नहीं हुई है।

कार और बाइक के लिए लंबी अवधि की पॉलिसी का प्रस्ताव

मोटर इंश्योरेंस में एक और बदलाव पर विचार किया जा रहा है। इसके तहत कारों के लिए चार साल और दोपहिया वाहनों के लिए छह साल की एकमुश्त बीमा पॉलिसी का विकल्प दिया जा सकता है। इससे वाहन मालिकों को हर साल बीमा रिन्यू कराने की परेशानी से राहत मिल सकती है।

इसके अलावा इंश्योरेंस की मौजूदा दरों और अलग-अलग वाहन श्रेणियों के प्रीमियम की भी समीक्षा किए जाने की संभावना है।

अभी क्या है इंश्योरेंस का नियम?

मोटर वाहन अधिनियम की धारा 146 के मुताबिक, सार्वजनिक स्थान पर वाहन चलाने के लिए वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस होना अनिवार्य है। यानी बिना वैध थर्ड पार्टी बीमा के सड़क पर वाहन चलाना नियमों का उल्लंघन है।

देश में करीब 25 करोड़ सक्रिय वाहनों में से लगभग 81 प्रतिशत वाहनों का बीमा होने का अनुमान है। इसका मतलब है कि बड़ी संख्या में वाहन अभी भी बीमा सुरक्षा के दायरे से बाहर हैं।

फिलहाल वाहन मालिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। ट्रैफिक चालान के आधार पर प्रीमियम बढ़ाने और ‘नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल’ जैसे बदलाव अभी प्रस्तावित हैं। जब तक सरकार की ओर से अंतिम नियम और लागू होने की तारीख घोषित नहीं होती, तब तक इन्हें लागू नियम नहीं माना जाना चाहिए। लेकिन वाहन चालकों के लिए बेहतर यही है कि वे अपने वाहन का वैध इंश्योरेंस रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

संबंधित सामग्री

सड़क हादसे के बाद एक कॉल पर मिलेगा वकील, 24 घंटे मिलेगी कानूनी मदद

सड़क हादसे के बाद एक कॉल पर मिलेगा वकील, 24 घंटे मिलेगी कानूनी मदद

सड़क हादसे के बाद अब नहीं भटकना पड़ेगा, एक कॉल पर मिलेगा वकील; 24 घंटे मिलेगी मदद

Nov 24, 2026
सड़क पर वाहन चलाने वाले सावधान! एक साल में 3 बार नियम तोड़े तो ट्रैफिक विभाग लेगा सख्त एक्शन

सड़क पर वाहन चलाने वाले सावधान! एक साल में 3 बार नियम तोड़े तो ट्रैफिक विभाग लेगा सख्त एक्शन

नए ट्रैफिक नियमों के तहत साल में 5 बार उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड होगा।

Jan 22, 2026