जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को SEBI की मंजूरी मिल गई है। कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी। करीब 37,700 करोड़ रुपये जुटाने वाला यह देश का सबसे बड़ा IPO हो सकता है।
मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO को बाजार नियामक SEBI से मंजूरी मिल गई है। SEBI ने 28 अगस्त को इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के पोर्टल पर जियो के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस का स्टेटस भी ‘अप्रूव्ड’ हो गया है।
हालांकि IPO की लॉन्चिंग की तारीख अभी तय नहीं हुई है। जानकारों का अनुमान है कि इसे दीपावली के आसपास बाजार में उतारा जा सकता है।
27 करोड़ नए शेयर जारी होंगे
सेबी के पास जमा दस्तावेजों के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स IPO में 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। कंपनी की योजना IPO के जरिए करीब 4 अरब डॉलर यानी लगभग 37,700 करोड़ रुपये जुटाने की है। अगर यह IPO इसी आकार के साथ आता है तो यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है। हालांकि शेयर का प्राइस बैंड अभी तय नहीं किया गया है।
मौजूदा निवेशक हिस्सेदारी नहीं बेचेंगे
इस IPO में ऑफर फॉर सेल यानी OFS शामिल नहीं है। इसका मतलब है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज या अन्य मौजूदा बड़े निवेशक अपनी हिस्सेदारी नहीं बेचेंगे। IPO से जुटाई जाने वाली रकम सीधे जियो प्लेटफॉर्म्स के पास जाएगी।
BSE और NSE पर होगी लिस्टिंग
ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर BSE और NSE दोनों पर लिस्ट किए जाने का प्रस्ताव है। IPO का अंतिम प्राइस बैंड और इससे जुटाई जाने वाली रकम की जानकारी आगे बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के दौरान तय होगी।
FY26 में 1.46 लाख करोड़ रुपये का रेवेन्यू
जियो प्लेटफॉर्म्स का वित्तीय प्रदर्शन भी मजबूत रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 1,46,885 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। इस दौरान EBITDA 76,255 करोड़ रुपये रहा, जबकि टैक्स के बाद कंपनी का शुद्ध मुनाफा 30,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा।
52.4 करोड़ से ज्यादा ग्राहक
जून 2026 में रिलायंस की सालाना बैठक में साझा की गई जानकारी के अनुसार, जियो का यूजर बेस 52.4 करोड़ से ज्यादा हो चुका है। कंपनी भारत में सबसे बड़े मोबाइल नेटवर्क के साथ डिजिटल और 5G सेवाओं के क्षेत्र में भी काम कर रही है।
मुकेश अंबानी ने IPO का किया था ऐलान
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 19 जून को कंपनी की 49वीं सालाना बैठक में जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO लाने का ऐलान किया था। उन्होंने करीब 4 अरब डॉलर जुटाने की योजना की जानकारी दी थी। इससे पहले IPO का ऐलान पिछले साल की AGM में भी हुआ था, लेकिन इसे बाद में टाल दिया गया था।
जियो की टेक्नोलॉजी पर कंपनी का फोकस
जियो प्लेटफॉर्म्स रिलायंस की टेक्नोलॉजी कंपनी है। यह टेलीकॉम सेवाओं के साथ 5G नेटवर्क, सॉफ्टवेयर, नेटवर्क सर्विसेज और AI टूल्स पर भी काम करती है। कंपनी के मुताबिक उसकी तकनीक बड़े कारोबारों और प्राइवेट नेटवर्क्स के लिए 5G के इस्तेमाल को आसान बनाती है।