IRCTC ने नई Beta वेबसाइट लॉन्च कर दी है। नए पोर्टल में आसान इंटरफेस, कम Captcha, तेज टिकट बुकिंग और कई नए फीचर्स मिलेंगे। जानिए यात्रियों के लिए क्या बदलेगा।
रेलवे यात्रियों के टिकट बुकिंग अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में IRCTC ने अपनी नई Beta वेबसाइट लॉन्च कर दी है। करीब 24 साल बाद वेबसाइट के डिजाइन और कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। फिलहाल इसे टेस्टिंग के लिए जारी किया गया है और यूजर्स के फीडबैक के आधार पर अंतिम संस्करण तैयार किया जाएगा।
नई वेबसाइट का उद्देश्य सिर्फ नया लुक देना नहीं, बल्कि टिकट बुकिंग को तेज, आसान और अधिक भरोसेमंद बनाना है। रेल मंत्रालय का कहना है कि Beta टेस्टिंग पूरी होने के बाद यही पोर्टल सभी यात्रियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट बनेगा।
नया इंटरफेस करेगा टिकट बुकिंग आसान
नई वेबसाइट पहले की तुलना में ज्यादा साफ-सुथरे और सरल इंटरफेस के साथ तैयार की गई है। अनावश्यक पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले एलिमेंट्स हटाए गए हैं, जिससे यूजर्स जरूरी जानकारी तक तेजी से पहुंच सकेंगे। खासतौर पर पहली बार टिकट बुक करने वालों के लिए भी नेविगेशन आसान बनाया गया है।
Captcha और बुकिंग प्रोसेस में मिलेगी राहत
IRCTC ने टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले Captcha की समस्या को काफी हद तक कम किया है। इसके अलावा Checkout Process को भी छोटा किया गया है, जिससे टिकट बुक करने में कम स्टेप पूरे करने होंगे। इसका सबसे ज्यादा फायदा तत्काल टिकट बुक करने वाले यात्रियों को मिलने की उम्मीद है।
एक साथ दिखेंगी सभी क्लास की सीटें
नई वेबसाइट में सीट उपलब्धता देखने का तरीका भी बदला गया है। अब अलग-अलग क्लास के लिए बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं होगी। सभी प्रमुख क्लास की उपलब्ध सीटों की जानकारी एक ही स्क्रीन पर दिखाई जाएगी, जिससे सही विकल्प चुनना आसान होगा। साथ ही सेव किए गए यात्रियों की जानकारी दोबारा इस्तेमाल की जा सकेगी और हर बार विवरण भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नए PRS सिस्टम से भी जुड़ेगी वेबसाइट
रेल मंत्रालय के मुताबिक आने वाले समय में इस वेबसाइट को नए Passenger Reservation System (PRS) से जोड़ा जाएगा। इससे भारी ट्रैफिक के दौरान भी टिकट बुकिंग अधिक स्थिर और तेज रहेगी। वेबसाइट के डिजाइन में MNIT जयपुर के छात्रों के सुझावों को भी शामिल किया गया है ताकि प्लेटफॉर्म अधिक यूजर फ्रेंडली बन सके।
अभी Beta वर्जन में उपलब्ध
फिलहाल नई वेबसाइट Beta Version के रूप में उपलब्ध कराई गई है ताकि अधिक से अधिक यूजर्स इसका इस्तेमाल कर अपने सुझाव दे सकें। फीडबैक के आधार पर जरूरी बदलाव करने के बाद अगले कुछ हफ्तों में इसे सभी रेल यात्रियों के लिए पूरी तरह लॉन्च किया जाएगा।