amarkantak

हरियाली की चादर, झरनों का संगीत और पहाड़ों का वैभव, MP की धरती पर बसा प्रकृति का स्वर्ग

मध्य प्रदेश की धरती पर एक ऐसा स्थान भी है, जहां प्रकृति का सौंदर्य, पहाड़ों की शांति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिलता है

By : मांडवी मिश्रा
हरियाली की चादर, झरनों का संगीत और पहाड़ों का वैभव, MP की धरती पर बसा प्रकृति का स्वर्ग

हरियाली की चादर, झरनों का संगीत और पहाड़ों का वैभव, MP की धरती पर बसा प्रकृति का स्वर्ग

अमरकंटक: जहां पहाड़ों की खामोशी में बहती है प्रकृति की मधुर धुन

जरा कल्पना कीजिए... चारों ओर फैली हरी-भरी वादियां, ऊंचे-ऊंचे पेड़ों से घिरे जंगल, पहाड़ों से गिरते झरनों का मधुर संगीत और सुबह की पहली किरण के साथ छा जाने वाली धुंध। ऐसा लगता है मानो प्रकृति ने अपनी सारी खूबसूरती किसी एक ही जगह पर समेट दी हो। मध्य प्रदेश में एक ऐसा ही मनोहारी स्थान है, जिसे देखकर बरबस ही मुंह से निकल पड़ता है—क्या यही धरती का स्वर्ग है? यह खूबसूरत जगह है अमरकंटक।

अनूपपुर जिले में स्थित अमरकंटक केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक आस्था का अनूठा संगम है। मैकल पर्वत श्रृंखला की गोद में बसा यह क्षेत्र विंध्य और सतपुड़ा पर्वत श्रृंखलाओं के मिलन स्थल के रूप में भी जाना जाता है। समुद्र तल से लगभग 1067 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरकंटक अपनी शांत वादियों और घने जंगलों के कारण पर्यटकों को आकर्षित करता है।

मां नर्मदा का उद्गम स्थल

अमरकंटक की पहचान देशभर में मां नर्मदा के उद्गम स्थल के रूप में है। यहां स्थित नर्मदा उद्गम मंदिर और नर्मदा कुंड श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के केंद्र हैं। मान्यता है कि इसी पवित्र भूमि से मां नर्मदा की धारा का प्राकट्य हुआ। खास बात यह है कि नर्मदा के साथ सोन और जोहिला नदियों का उद्गम भी इसी क्षेत्र से जुड़ा है। यही वजह है कि अमरकंटक को धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसे तीर्थराज यानी तीर्थों का राजा भी कहा जाता है।

झरनों की खूबसूरती कर देगी मंत्रमुग्ध

अमरकंटक की प्राकृतिक सुंदरता का सबसे आकर्षक हिस्सा यहां के जलप्रपात हैं। इनमें कपिलधारा जलप्रपात का विशेष स्थान है। ऊंची चट्टानों से नीचे गिरता पानी और आसपास फैली हरियाली यहां आने वाले पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देती है। इस स्थान का संबंध ऋषि कपिल की तपस्या से भी जोड़ा जाता है।

कपिलधारा से करीब एक किलोमीटर आगे बढ़ने पर दूधधारा जलप्रपात दिखाई देता है। पानी की सफेद झागदार धारा दूध जैसी प्रतीत होती है, इसी कारण इसे दूधधारा नाम दिया गया है। बारिश के मौसम में इन झरनों का सौंदर्य और भी मनमोहक हो उठता है।

माई की बगिया और प्राचीन मंदिरों का आकर्षण

अमरकंटक की माई की बगिया भी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है। घने वृक्षों, फूलों और प्राकृतिक हरियाली से घिरा यह स्थान मन को सुकून देता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह वह स्थान है जहां मां नर्मदा विचरण करती थीं।

इसके अलावा यहां स्थित प्राचीन कलचुरी कालीन मंदिर अपनी स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध हैं। पातालेश्वर मंदिर, मच्छेंद्रनाथ मंदिर और श्री यंत्र मंदिर भी यहां के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में शामिल हैं। इन मंदिरों की बनावट और धार्मिक महत्व अमरकंटक की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं।

कैसे पहुंचें अमरकंटक?

अमरकंटक मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित है। मध्य प्रदेश पर्यटन के अनुसार, अनूपपुर जिला मुख्यालय से इसकी दूरी लगभग 71 किलोमीटर है। रेल मार्ग से आने वाले पर्यटक छत्तीसगढ़ के पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकते हैं, जो अमरकंटक से करीब 42 किलोमीटर दूर है। यहां सड़क मार्ग से भी पहुंचा जा सकता है।

अगर आप प्रकृति के करीब कुछ पल बिताना चाहते हैं, पहाड़ों की शांति महसूस करना चाहते हैं या आध्यात्मिक यात्रा की तलाश में हैं, तो अमरकंटक एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यहां की हरियाली, झरने और पवित्र नदियों का संगम इसे मध्य प्रदेश के उन खास स्थानों में शामिल करता है, जहां पहुंचकर सफर की थकान भी सुकून में बदल जाती है।

संबंधित सामग्री

Gandhisagar Cabinet Meeting: गांधीसागर में सजेगा 'मोहन' सरकार का दरबार, होगी अगली कैबिनेट बैठक

Gandhisagar Cabinet Meeting: गांधीसागर में सजेगा 'मोहन' सरकार का दरबार, होगी अगली कैबिनेट बैठक

मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार राजधानी भोपाल की चारदीवारी से बाहर निकलकर प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों को नई पहचान दिलाने की मुहिम में जुटी है।

Nov 17, 2026
Cold in MP: एमपी में बदला मौसम का मिजाज: दिन में धूप, रात में गुलाबी ठंड, अमरकंटक में पारा गिरकर 13 डिग्री

Cold in MP: एमपी में बदला मौसम का मिजाज: दिन में धूप, रात में गुलाबी ठंड, अमरकंटक में पारा गिरकर 13 डिग्री

मध्यप्रदेश में अगले चार दिन बारिश का अलर्ट नहीं है। दिन में धूप और गर्मी रहेगी, जबकि रात में गुलाबी ठंड बढ़ेगी। अमरकंटक में पारा गिरकर 13 डिग्री पर पहुंच गया।

Oct 24, 2026
MP Weather Update: MP में फिर बदलेगा मौसम! कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी 

MP Weather Update: MP में फिर बदलेगा मौसम! कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी 

मध्य प्रदेश में अक्टूबर महीने के अंतिम सप्ताह में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है और बारिश का सिलसिला जारी है।

Oct 22, 2026
'बोल बम' के जयकारों से गूंजा जबलपुर; 100000 से अधिक श्रद्धालुओं ने निकाली 'संस्कार कांवड़ यात्रा'

'बोल बम' के जयकारों से गूंजा जबलपुर; 100000 से अधिक श्रद्धालुओं ने निकाली 'संस्कार कांवड़ यात्रा'

जबलपुर में सोमवार को 35 किलोमीटर लंबी संस्कार कांवड़ यात्रा में एक लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। प्रदेश मुखिया डॉ मोहन यादव शामिल हुए। भगवान शिव को अर्पित करने के लिए मां नर्मदा का जल लेकर निकले।

Aug 10, 2026
Air Suvidha 2.0 लॉन्च: भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए हेल्थ डिक्लेरेशन फॉर्म अनिवार्य, जानें पूरी प्रक

Air Suvidha 2.0 लॉन्च: भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए हेल्थ डिक्लेरेशन फॉर्म अनिवार्य, जानें पूरी प्रक

भारत सरकार ने Air Suvidha 2.0 पोर्टल लॉन्च किया है। अब भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए ऑनलाइन हेल्थ डिक्लेरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। जानें पूरी प्रक्रिया।

Jul 14, 2026