एक साल पहले नागालैंड के दुर्गम पहाड़ी जिले किफिरे की यात्रा के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आदिवासी महिलाओं से संवाद का अवसर मिला। उनमें एक 'लखपति दीदी' एस्थर भी थीं। उन्होंने गर्व से बताया कि मोटे अनाज से बने उनके उत्पाद अब ऑनलाइन माध्यम से नागालैंड की सीमाओं से निकलकर देश के दूर-दराज के ग्राहकों तक पहुँच रहे हैं। उनका आत्मविश्वास देखकर मैंने उनसे और बड़े सपने देखने तथा 'करोड़पति दीदी' बनने को कहा। उनकी कहानी उस बदलाव की बानगी थी, जो आज देश के सुदूर इलाकों तक पहुँच चुका है। पिछले महीने विश्व बैंक की भारत संबंधी रिपोर्ट ने उस मुलाकात की याद ताजा कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं और देश में अत्यधिक गरीबी लगभग समाप्त हो चुकी है। ये आँकड़े उसी परिवर्तन की गवाही देते हैं, जिसे मैंने जमीन पर महसूस किया था।
गरीबी और समानता पर जारी एक दौर था, जब आजादी के छह दशक बाद भी गरीबी उन्मूलन अधूरा सपना था। स्वच्छता, पोषण, स्वच्छ ईंधन और बैंकिंग जैसी बुनियादी सुविधाएँ आम आदमी की पहुँच से दूर थीं। तब माना जाता था कि गरीबों के हाथ में कुछ नकद थमा देने से गरीबी अपने आप समाप्त हो जाएगी। बीते एक दशक ने इस सोच को बदल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने तात्कालिक राहत के बजाय गरीबी की जड़ों पर प्रहार किया है। 'अंत्योदय' के मंत्र को अपनाते हुए सरकार ने जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को समझा और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया।
सटीक लक्ष्य, ठोस परिणाम
गरीबी केवल कम आमदनी का नाम नहीं है। पक्की छत, स्वच्छ पानी, शौचालय और इलाज की सुविधा के अभाव में परिवार असुरक्षित रहता है। गंभीर बीमारी उसकी वर्षों की बचत छीनकर उसे फिर गरीबी में धकेल सकती है। इसलिए सरकार ने वास्तविक जरूरतों के अनुरूप योजनाएँ बनाईं। लाभार्थियों की सही पहचान, प्रभावी क्रियान्वयन, अंतिम घर तक लाभ पहुँचाने की निगरानी और पारदर्शिता के लिए तकनीक के उपयोग ने इन योजनाओं को वास्तविक बदलाव का माध्यम बनाया।
घर से शुरू हुई सेहत और सम्मान की राह
'स्वच्छ भारत अभियान' के तहत घर-घर शौचालय बनने से सम्मान बढ़ा और एक अनुमान के अनुसार, प्रतिवर्ष 60 से 70 हजार शिशुओं की अकाल मृत्यु रोकने में मदद मिली। 'जल जीवन मिशन' के अंतर्गत ग्रामीण घरों में नल से जल के कनेक्शन 2019 के लगभग तीन करोड़ से बढ़कर आज करीब 16 करोड़ हो गए हैं। इससे महिलाओं और बेटियों को पानी के लिए मीलों पैदल चलने से मुक्ति मिली तथा जलजनित बीमारियों का खतरा घटा।
'उज्ज्वला योजना' ने रसोई को धुएँ से मुक्त किया, 'प्रधानमंत्री आवास योजना' ने पक्के घर की सुरक्षा और गरिमा दी तथा 'आयुष्मान भारत' ने कैशलेस इलाज से परिवारों को भारी चिकित्सा खर्च से सुरक्षा प्रदान की। इन योजनाओं ने मिलकर ऐसा सुरक्षा चक्र बनाया, जिसने घरेलू खर्च घटाया, समय बचाया और परिवारों को दोबारा गरीबी में फिसलने से रोकने में मदद की।
बैंक खाते से उद्यमिता की उड़ान
सामाजिक सुरक्षा परिवारों को संबल देती है, लेकिन आर्थिक उन्नति के लिए आजीविका के अवसर जरूरी हैं। करोड़ों भारतीयों के लिए पहला कदम बैंक खाता बना। कभी सरकारी खजाने से निकले एक रुपये में से केवल पंद्रह पैसे आम आदमी तक पहुँचने की बात कही जाती थी। 'प्रत्यक्ष लाभ अंतरण' ने इस व्यवस्था को बदल दिया। आज 59 करोड़ से अधिक 'जनधन' खातों के माध्यम से सरकारी सहायता बिना बिचौलिये सीधे लाभार्थियों तक पहुँच रही है।
बैंक खातों ने सुरक्षित बचत और वित्तीय पहचान का आधार तैयार किया, जिससे संस्थागत कर्ज के रास्ते खुले। मुद्रा योजना की लाभार्थी पश्चिम बंगाल की सुष्मिता घराई इसका उदाहरण हैं। कोरोना महामारी में पिता को खोने के बाद उनके परिवार का प्रिंटिंग व्यवसाय ठप हो गया था। बिना गारंटी मिले मुद्रा ऋण ने उन्हें अपना प्रेस दोबारा खड़ा करने की ताकत दी। आज वे आठ लोगों को रोजगार दे रही हैं और डिजिटल प्रिंटिंग में विस्तार की तैयारी कर रही हैं। मुद्रा योजना के तहत अब तक 60 करोड़ ऋण खाते स्वीकृत हुए हैं, जिनमें लगभग दो-तिहाई महिलाओं के हैं। वहीं, 'पीएम स्वनिधि' और 'पीएम विश्वकर्मा' योजनाएँ रेहड़ी-पटरी वालों तथा पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक मजबूती दे रही हैं।
इस परिवर्तन की धुरी देश की महिलाएँ रही हैं। आज 10 करोड़ ग्रामीण महिलाएँ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। इनमें 3.7 करोड़ से अधिक 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं और अनेक 'करोड़पति दीदी' बनने की राह पर हैं। 'नमो ड्रोन दीदी' के रूप में प्रशिक्षित महिलाएँ खेतों में ड्रोन से छिड़काव की आधुनिक सेवाएँ दे रही हैं। जो महिलाएँ कभी आर्थिक मुख्यधारा से बाहर थीं, वे आज रोजगार देने वाली उद्यमी बन रही हैं।
विकसित भारत का संकल्प
पीढ़ियों तक यह मान लिया गया था कि भारत में गरीबी को केवल संभाला जा सकता है, मिटाया नहीं जा सकता। एक दशक पहले जो असंभव लगता था, वह निरंतर जमीनी प्रयासों से आज हकीकत बन रहा है।
लेकिन यह ठहरने का समय नहीं है। वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य के लिए विकास की सीढ़ी के निचले पायदान पर बचे लोगों को गरीबी से बाहर निकालना और आगे बढ़ चुके लोगों की प्रगति सुनिश्चित करना होगा। सामाजिक सुरक्षा के साथ वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक आम लोगों की पहुँच बढ़ानी होगी। रोजगार प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप से शिक्षा तथा उद्योग के बीच सेतु बनाया जा रहा है, वहीं आधुनिक बुनियादी ढाँचे में निवेश देश को नई गति दे रहा है।
प्रधानमंत्री का कहना है कि आजादी की तरह ही 'विकसित भारत' भी ऐसा संकल्प है, जिसे हर देशवासी को जीना होगा। जो लक्ष्य छह दशकों तक अधूरा रहा, उसे दस वर्षों में साकार करने के बाद भारत अगले दो दशकों की ओर आत्मविश्वास से बढ़ रहा है। 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति और संकल्प से 2047 तक विकसित भारत का सपना हमारी पहुँच में है और हम सब मिलकर इसे अवश्य पूरा करेंगे।

निर्मला सीतारमण
(लेखिका भारत सरकार में वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री हैं।)