आडवाणी जी की प्रेरणादायी शताब्दी यात्रा

आडवाणी जी : एक शताब्दी की ओर बढ़ती प्रेरणादायी यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिवस पर उनके संघर्ष, वैचारिक प्रतिबद्धता और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए शतायु जीवन की कामना की।

By : नरेंद्र कुमार
आडवाणी जी : एक शताब्दी की ओर बढ़ती प्रेरणादायी यात्रा

आज 8 नवंबर को श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी का जन्मदिवस है। यह सुखद संयोग है कि आज ही दीपावली का पावन पर्व भी है। प्रभु श्रीराम और दीपोत्सव के उल्लास के बीच उनके जीवन का यह महत्वपूर्ण पड़ाव इस अवसर को और भी विशेष बनाता है। इस वर्ष जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती का स्मरण भी इस अवसर को ऐतिहासिक बनाता है।

मेरे लिए यह अवसर व्यक्तिगत रूप से अत्यंत भावुक करने वाला है। मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आडवाणी जी का स्नेह, सान्निध्य और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहा। कई दशक पहले सार्वजनिक जीवन में उनके संपर्क में आने का अवसर मिला। धीरे-धीरे यह संबंध इतना आत्मीय हो गया कि वे मेरे लिए अभिभावक बन गए। उन्होंने राजनीति की बारीकियां सिखाईं, कठिन परिस्थितियों में मार्गदर्शन दिया और अपने अनुभव से हमेशा संबल प्रदान किया। उनकी वैचारिक स्पष्टता, आत्मविश्वास और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा आज भी मुझे प्रेरित करती है।

आडवाणी जी का जन्म 8 नवंबर, 1927 को हुआ था। विभाजन के समय 1947 में उन्हें सिंध में अपना घर, परिवेश और परिचित दुनिया छोड़नी पड़ी। जीवन की नई शुरुआत लगभग शून्य से करनी पड़ी, लेकिन इस कठिन अनुभव ने उनके भीतर न कड़वाहट पैदा की और न ही संकल्प को कमजोर किया। परिस्थितियां कितनी भी विपरीत हों, नए सिरे से निर्माण करने का उनका यही स्वभाव आगे चलकर जनसंघ को मजबूत बनाने और भारतीय जनता पार्टी के निर्माण में भी दिखाई दिया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में उन्होंने राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया। बाद में दिल्ली आए और अटल बिहारी वाजपेयी जी के साथ मिलकर संगठन को आगे बढ़ाया। दोनों नेताओं ने दशकों तक कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। अटल जी उनके नेता और मार्गदर्शक रहे। भारतीय राजनीति में इतने लंबे समय तक परस्पर विश्वास, सम्मान और सहयोग के साथ चलने वाली यह जोड़ी अपने आप में अद्वितीय उदाहरण है। बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और महत्वाकांक्षाओं के बीच भी उनका संबंध अटल जी के जीवन के अंतिम समय तक आत्मीय बना रहा।

आडवाणी जी ने जनसंघ और भाजपा को वैचारिक आधार देने के साथ संगठन की अनेक पीढ़ियां तैयार कीं। 1967 में वे दिल्ली महानगर परिषद के अध्यक्ष बने। 1970 के दशक में उनकी संसदीय यात्रा आरंभ हुई। सांसद, विपक्ष के नेता और बाद में सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने संसदीय परंपराओं और राष्ट्रीय विमर्श को समृद्ध किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल में पार्टी का उल्लेखनीय विस्तार हुआ और 1996 में भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। राष्ट्र प्रथम का सिद्धांत उनके संगठनात्मक चिंतन का मूल आधार रहा।

उनके व्यक्तित्व की दो विशेषताएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं वैचारिक स्पष्टता और बौद्धिक प्रखरता। उनके भाषणों, लेखों और साक्षात्कारों में विचारों की गहराई तथा अभिव्यक्ति की सटीकता दिखाई देती रही है।

जनसंघ और भाजपा के लिए उनके द्वारा तैयार किए गए वैचारिक प्रस्ताव आज भी अध्ययन योग्य हैं। भारतीय राजनीति में छद्म धर्मनिरपेक्षता के विरुद्ध उन्होंने निर्भीकता से अपना पक्ष रखा और इस विषय को राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

1991 के लोकसभा चुनाव की स्मृतियां मेरे लिए विशेष हैं। उस समय आडवाणी जी ने गांधीनगर सहित दो सीटों से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया था। विभाजन के बाद उनके पिता कच्छ में आकर बसे थे। वर्ष 1976 में आपातकाल के दौरान वे गुजरात से राज्यसभा के सदस्य भी बने थे। इस दृष्टि से गांधीनगर से चुनाव लड़ना उनके लिए घर वापसी जैसा था। उस समय संगठन में कार्य करते हुए मुझे उनके नामांकन पत्र तैयार करने से लेकर चुनाव अभियान तक साथ रहने का अवसर मिला। गांधीनगर की जनता ने उन्हें बार-बार बड़े बहुमत से विजयी बनाया। क्षेत्र के मतदाता के रूप में मुझे भी अनेक बार उन्हें अपना मत देने का सौभाग्य मिला।

आपातकाल उनके जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ था। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संघर्ष में वे अग्रिम पंक्ति में रहे। उनकी पुस्तक 'A Prisoner's Scrap-Book' में आपातकाल के अनुभवों का उल्लेख मिलता है। इसके एक हिस्से 'A Tale of Two Emergencies' में उन्होंने 1975 के भारत और 1933 के जर्मनी की राजनीतिक परिस्थितियों के बीच समानताओं का प्रभावशाली विश्लेषण किया है।

विपक्ष में प्रखर भूमिका निभाने वाले आडवाणी जी प्रशासन में भी उतने ही कुशल सिद्ध हुए। 1977 में सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। बाद में गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री के रूप में देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आतंकवाद के विरुद्ध उनका रुख सदैव दृढ़ और स्पष्ट रहा।

सोमनाथ से अयोध्या तक निकली उनकी ऐतिहासिक रथयात्रा भारतीय राजनीति का निर्णायक अध्याय बनी। मुझे इस यात्रा की परिकल्पना, तैयारियों और संचालन से जुड़ने का अवसर मिला। सोमनाथ में यात्रा के शुभारंभ का दृश्य आज भी स्मृतियों में अंकित है। लगातार यात्रा, व्यस्त कार्यक्रम और शारीरिक कठिनाइयों के बीच आडवाणी जी ने जिस धैर्य और संकल्पशक्ति का परिचय दिया, वह प्रेरणादायी है। बिहार में उनकी गिरफ्तारी के बाद गुजरात में भाजपा ने चिमनभाई पटेल सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। यह निर्णय राम मंदिर के संकल्प और वैचारिक प्रतिबद्धता के प्रति दृढ़ता का प्रतीक था। वर्षों बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण उस लंबी यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बना।

आडवाणी जी की सादगी और अध्ययनशीलता भी उनके व्यक्तित्व को विशिष्ट बनाती है। जूनागढ़ में नवनिर्माण आंदोलन के बाद वे एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह एक महीने तक रहे और विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को तैयार किया। समाचार पत्रों को गहराई से पढ़ना, सिनेमा और रंगमंच में रुचि तथा इतिहास के प्रति उनका अनुराग उनके व्यक्तित्व के अन्य उल्लेखनीय पक्ष हैं। उनकी पुस्तक 'My Country My Life' में उनके अनुभवों और ऐतिहासिक दृष्टि की सुंदर अभिव्यक्ति मिलती है। अपनी सिंधी संस्कृति से उनका गहरा जुड़ाव रहा है। लेह के निकट सिंधु दर्शन पूजा को लोकप्रिय बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुझे उनके और जॉर्ज फर्नांडिस जी के साथ इस आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर मिला था।

आडवाणी जी की इस असाधारण यात्रा में कमला आडवाणी जी का योगदान भी अविस्मरणीय है। लंबे सार्वजनिक जीवन में वे सदैव उनकी शक्ति, प्रेरणा और संबल बनी रहीं। राष्ट्र के प्रति उनके योगदान और सार्वजनिक जीवन की दीर्घ साधना के लिए वर्ष 2024 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

आज जब वे अपने जीवन के सौवें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं, तब उनके प्रति कृतज्ञता और सम्मान का भाव स्वाभाविक है। उनका जीवन सिखाता है कि विचारों के प्रति निष्ठा, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प व्यक्ति को इतिहास में विशिष्ट स्थान दिलाता है।

इस अवसर पर उनके लिए मन में एक ही प्रार्थना है 'जीवेम शरदः शतम्, पश्येम शरदः शतम्, शृणुयाम शरदः शतम्।'

ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें। उनका स्नेह और मार्गदर्शन हम सभी को मिलता रहे।

दीपावली के इस पावन पर्व पर उन्हें शतायु जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं।

नरेन्द्र मोदी

(लेखक भारत के प्रधानमंत्री हैं।)

संबंधित सामग्री

PM Modi Bastar: बस्तर में बोले पीएम मोदी, अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा

PM Modi Bastar: बस्तर में बोले पीएम मोदी, अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पर सीआरपीएफ (CRPF) जवानों के बीच पहुंचकर उनके साथ...

Nov 08, 2026
Nishant Khare: MP भाजपा में बड़ी नियुक्ति, निशांत खरे को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Nishant Khare: MP भाजपा में बड़ी नियुक्ति, निशांत खरे को मिली बड़ी जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर एक बड़ी नियुक्ति की गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे को...

Nov 07, 2026
सूर्यकुमार यादव की बेटी ने PM मोदी के सामने सुनाई गणेश वंदना, भक्ति गीत सुनकर खुश हुए प्रधानमंत्री

सूर्यकुमार यादव की बेटी ने PM मोदी के सामने सुनाई गणेश वंदना, भक्ति गीत सुनकर खुश हुए प्रधानमंत्री

धनतेरस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव की एक खास मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

Nov 06, 2026
पवन कुमार शर्मा को ECINet की निगरानी, सीमा खन्ना की बदली जिम्मेदारी

पवन कुमार शर्मा को ECINet की निगरानी, सीमा खन्ना की बदली जिम्मेदारी

चुनाव आयोग ने अधिकारियों के कामकाज में बड़ा फेरबदल किया है।

Nov 06, 2026
विजय शर्मा का अंबिकापुर में कांग्रेस पर हमला, बोले-घुसपैठियों के नाम पर लोकतंत्र अस्थिर करना चाहता है विपक्ष

विजय शर्मा का अंबिकापुर में कांग्रेस पर हमला, बोले-घुसपैठियों के नाम पर लोकतंत्र अस्थिर करना चाहता है विपक्ष

अंबिकापुर की पदयात्रा और आमसभा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में 27 लाख से ज्यादा नाम हटने की बात कही।

Nov 05, 2026